अजमेर

जोधपुर में दबोचा ओएलएक्स का झांसेबाज

परिवादी को आई-फोन की जगह भेज दिया कीपेड फोन
less than 1 minute read
• •
Updated: 19 Nov 2021, 1:32 AM IST
जोधपुर में दबोचा ओएलएक्स का झांसेबाज
जोधपुर में दबोचा ओएलएक्स का झांसेबाज

अजमेर. ओएलएक्स पर उत्पाद बेचने का झांसा देने वाले गिरोह का अलवर गेट थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्जकर गिरोह के नेटवर्क को तोडऩे में कामयाबी हासिल की। पुलिस ने कूरियर कम्पनी के मार्फत एक झांसेबाज को जोधपुर से दबोचा। आरोपी को पुलिस संभवत: शुक्रवार को अजमेर लेकर आएगी।

पुलिस के अनुसार मेयो लिंक रोड प्रताप नगर निवासी विजयजीत वर्मा ने रिपोर्ट में बताया कि उसने ओएलएक्स पर बिक रहे आईफोन खरीदने में दिलचस्पी दिखा ऑनलाइन साइट पर आईफोन के लिए ऑर्डर किया। उसको कूरियर से डिलीवरी मिली लेकिन बॉक्स में आईफोन ना होकर की-पैड फोन निकला। विजयजीत ने धोखाधड़ी पर अलवर गेट थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया।

यूं फांसे झांसेबाज

परिवादी को राहत दिलाने व आरोपी गिरोह को दबोचने के लिए पुलिस ने विजयजीत वर्मा से नई आईडी बनाकर फिर से ओएलएक्स से खरीदारी करवाई। दूसरी मर्तबा उसे ईयरफोन मिला तो तीसरी मर्तबा में मदर बोर्ड आया। हालांकि दोनों बार एक कूरियर से उत्पाद भेजे जाने पर पुलिस ने पहले कूरियर लाने वाले युवक व फिर कूरियर कम्पनी के संचालक को दबोचा। फिर गिरोह का नेटवर्क खंगालते हुए पुलिस ने जोधपुर में मुख्य आरोपी को दबोच लिया।

कूरियर कंपनी से मिलीभगत

गौरतलब है कि आरोपियों का कूरियर कम्पनी से टाइअप है। पुलिस ने कूरियर कम्पनी के कर्मचारियों पर थोड़ी सख्ती दिखाई तो आरोपी को दबोचने में वक्त नहीं लगा।

इनका कहना है...

ऑनलाइन साइट ओएलएक्स पर उत्पाद खरीद को लेकर धोखाधड़ी का मामला सामने आया। गिरोह को पकडऩे के लिए फिर से दो मर्तबा उत्पाद मंगवाए गए। तीन बार मंगवाए जाने वाले उत्पाद नहीं आए। फिर प्रकरण दर्जकर कूरियर कम्पनी व उनके कर्मचारियों के जरिए टीम ने जोधपुर में आरोपी को दबोचा है।

सुनिता गुर्जर, थानाप्रभारी अलवर गेट

Published on: