सवाई माधोपुर

निरीक्षण में खुली पोल: कहीं सटाकर बैठाए परीक्षार्थी तो कहीं खुले तारों का खतरा

सवाईमाधोपुर. कहीं परीक्षा कक्ष में विद्यार्थी एक-दूसरे के बिल्कुल पास बैठे मिले तो कहीं विद्यालय परिसर में खुले बिजली के तार हादसे को न्योता देते नजर आए। इतना ही नहीं, पिछले साल बारिश में भीगकर…
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2026, 4:50 PM IST
सवाईमाधोपुर

सवाईमाधोपुर. कहीं परीक्षा कक्ष में विद्यार्थी एक-दूसरे के बिल्कुल पास बैठे मिले तो कहीं विद्यालय परिसर में खुले बिजली के तार हादसे को न्योता देते नजर आए। इतना ही नहीं, पिछले साल बारिश में भीगकर अनुपयोगी हो चुकी पुस्तकें भी अब तक पुस्तकालय में संभालकर रखी हुई थीं। स्कूलों में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर बरती जा रही इस लापरवाही की तस्वीर निरीक्षण में सामने आई। राज्य स्तरीय समान अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं के निरीक्षण पर निकले मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी देवीलाल मीना को दो विद्यालयों में व्यवस्थाओं की जांच के दौरान कई कमियां मिलीं। उन्होंने संस्था प्रधानों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।

सीडीईओ सबसे पहले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रईथा खुर्द पहुंचे। यहां परीक्षा कक्षों का निरीक्षण करने पर एक कक्ष में विद्यार्थी बेहद कम दूरी पर बैठे मिले। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए संस्था प्रधान को विद्यार्थियों के बीच आवश्यक दूरी रखने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा की निष्पक्षता और व्यवस्थाएं बनी रहे। इसके बाद वे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जडावता पहुंचे। यहां परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संचालित मिली और वीक्षक भी सजगता से ड्यूटी करते नजर आए। हालांकि, विद्यालय की अन्य व्यवस्थाओं की पड़ताल में कई खामियां सामने आईं।

तीन सदस्यीय समिति गठित करें

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि गत वर्ष भारी बारिश के कारण विद्यालय के पुस्तकालय में पानी भर गया था। इससे काफी संख्या में पुस्तकें भीगकर अनुपयोगी हो गई, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने अब तक उनका निस्तारण नहीं कराया। इस पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी ने तीन सदस्यीय समिति गठित कर आवश्यक दस्तावेज तैयार करने और जिला शिक्षा अधिकारी मुख्यालय माध्यमिक को सूचना भेजने के निर्देश दिए। साथ ही अनुमति मिलने के बाद पुस्तकों के नियमानुसार निस्तारण को कहा। विद्यालय में बिजली के तार नीचे और खुले मिलने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। संस्था प्रधान को इन्हें उसी दिन दुरुस्त कराने के निर्देश दिए, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की आशंका नहीं रहे।

खुले गड्ढों को लेकर भी दिए निर्देश

जल संचय जनभागीदारी अभियान के तहत विद्यालय परिसर में खोदे गए गड्ढे भी खुले मिले। सीडीईओ ने इनमें पत्थर, ईंट या कंकड़ डालकर सुरक्षित करने के निर्देश दिए। हालांकि, विद्यालय में किचन गार्डन विकसित किया हुआ मिला। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा व्यवस्था के साथ विद्यालय परिसर की सुरक्षा और रखरखाव में भी गंभीरता बरतने की हिदायत दी।

Updated on:
27 Nov 2026, 4:50 PM IST
Published on: