www.patrika.com/rajasthan-news
अजमेर
जिला कलक्टर एवं स्मार्ट सिटी की सीईओ आरती डोगरा ने शहर में स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे कार्यों का जायजा लिया। जिला कलक्टर सुबह अरबन हाट पहुंचीं। अरबन हाट का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों से यहां जयपुर की तरह ही मसाला बनाने पर चर्चा की गई।
जयपुर के मसाला चौक में चाट पकौड़ा, फास्ट फूड के शौकीन लोगों के लिए प्रसिद्ध व्यवसायियों को अपने उत्पाद बेचने के लिए खुली जगह उपलब्ध करवाई गई है। इसके बाद कलक्टर सूचना केन्द्र पहुंचीं। यहां भी मसाला चौक के लिए जगह देखी गई लेकिन अरबन हाट को ही इसके लिए अधिक उपयुक्त पाया गया। राज्य के 8-10 जिलों में मसाला चौक खोला जाएगा।
एडीए के जयपुर जा कर जेडीए के अधिकारियों से इस विषय में चर्चा कर जयपुर के मसाला चौक का निरीक्षण करेंगे। अरबन हाट में 30 दुकानों का निर्माण कर मसाला चौक बनाया जाएगा।
पुराने रंगमंच के दिन फिरेंगे, लाइब्रेरी होगी डिजिटल
कलक्टर डोगरा ने पुराने व जीर्णशीर्ण रंगमच को ओपन एयर थिएटर के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। पूर्व में एडीए ने भी विकास के लिए प्रयास किए थे लेकिन फंड की कमी के कारण यह मामला आगे नहीं बढ़ा। कलक्टर ने इसके बाद सूचना केन्द्र की लाइब्रेरी का निरीक्षण करते हुए इसे आधुनिक बनाने तथा इसके डिजिटाइजेन के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होनें सूचना केन्द्र में बने प्रदर्शनी दीर्घा का अवलोकन करते हुए इसे आर्ट गैलरी के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। जिला कलक्टर के साथ एडीए कमिश्नर नमित मेहता, एडीएम अबू सूफियान चौहान, सूचना केन्द्र के उप निदेशक महेश चंद शर्मा तथा स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता अनिल जैन व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
सेकंड ऑनलाइन काउंसलिंग में कराइए रजिस्ट्रेशन, फिर नहीं मिलेगा मौका
पीटीईटी, बीए/बीएससी बी.एड. प्रवेश पूर्व परीक्षा-2018 की द्वितीय ऑनलाइन काउंसलिंग गुरुवार से प्रारंभ होगी। पीटीईटी समन्वयक प्रो. बी. पी. सारस्वत के अनुसार द्वितीय काउंसलिंग के लिए 19 से 24 जुलाई तक ऑनलाइन अथवा बैंक में पंजीयन शुल्क जमा कराया जा सकेगा।
द्वितीय काउंसलिंग के लिए बीएड कॉलेज के ऑनलाइन विकल्प 22 से 25 जुलाई तक भरे जाएंगे। काउंसलिंग में शामिल अभ्यर्थियों को 26 जुलाई को कॉलेज आवंटित किए जाएंगे। बैंक अथवा ऑनलाइन सुविधा से शेष शुल्क 26 से 30 जुलाई तक जमा कराया जा सकेगा। द्वितीय काउंसलिंग के बाद आवंटित कॉलेज में 31 जुलाई तक रिपोर्टिंग की जा सकेगी।
नहीं दिया जाएगा कोई अवसर
प्रथम काउंसलिंग में आवंटित कॉलेज में रिपोर्टिंग नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को दाखिले का अधिकार नहीं मिलेगा। उन्हें द्वितीय काउंसिंलग में शामिल नहीं किया जाएगा।
नियमानुसार लौटाएंगे फीस
प्रथम काउंसलिंग में अभ्यर्थियों को कॉलेज आवंटित हुए। इनमें से रिपोर्टिंग के समय पात्रता पूरी नहीं करने पर कई अभ्यर्थियों के प्रवेश निरस्त किए गए हैं। ऐसे अभ्यर्थियों को पंजीयन शुल्क और प्रवेश शुल्क नियमानुसार वापस लौटाया जाएगा।
अब सिर्फ दसवीं-बारहवीं की परीक्षा
अजमेर. वर्ष 2019 में सीबीएसई सिर्फ दसवीं और बारहवीं की परीक्षाएं ही कराएगा। इंजीनियरिंग, मेडिकल, नेट-जेआरएफ सहित अन्य अहम प्रवेश परीक्षाएं अब नेशनल टेस्टिंग एजेंसी कराएगी।आईआईटी और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलोजी और इसके समकक्ष संस्थानों में प्रवेश के लिए सीबीएसई पूर्व में एआईईई परीक्षा कराता था। चार साल पहले इस परीक्षा को जेईई मेन्स और जेईई एडवांस में बांट दिया गया। इसी तरह कॉलेज-यूनिवर्सिटी में व्याख्याता बनने के लिए सीबीएसई नेट-जेआरएफ परीक्षा कराता है। पहले यह परीक्षा यूजीसी कराती थी। साथ ही स्कूल स्तर पर शिक्षकों की पात्रता के लिए भी सीटेट परीक्षा सीबीएसई ही कराता है।