अजमेर

Fraud : पाक नागरिक ने अजमेर में बनाया धोखाधड़ी का शिकार, दिल्ली से सहयोगी के साथ गिरफ्तार

बड़ी खबर : अलवर गेट थाना पुलिस की कार्रवाई, दिल्ली के तिलक नगर व पाक पेशावर का रहने वाला है जगगीतसिंह, भारत में लॉन्ग टर्म वीजा के लिए किया था आवेदन, आईबी व सीआईडी की टीम कर रही है पूछताछ
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2019, 8:05 PM IST
Fraud : पाक नागरिक ने अजमेर में बनाया धोखाधड़ी का शिकार, दिल्ली से गिरफ्तार
Fraud : पाक नागरिक ने अजमेर में बनाया धोखाधड़ी का शिकार, दिल्ली से गिरफ्तार

मनीष कुमार सिंह

अजमेर.

धोखाधड़ी के मामले में अलवर गेट थाना पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई कर पाकिस्तानी नागरिक(Pak citizen) समेत एक युवक को दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी दिल्ली के युवक का बैंक खाते का इस्तेमाल कर लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। पुलिस ने कार्रवाई कर खातेदार व पाक नागरिक को दबोचा। आईबी और सीआईडी जोन की टीम उससे पड़ताल में जुटी है। आरोपी 5 साल से दिल्ली में रह रहा था।
सहायक पुलिस अधीक्षक(दक्षिण) हर्षवर्धन अग्रवाल ने बताया कि नाका मदार गांधीनगर एम.डी. कॉलोनी निवासी अंकुर दत्ता पुत्र राजेन्द्र दत्ता पंजाबी की 27 अगस्त को दर्ज शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पश्चिम दिल्ली उत्तम नगर जे.जे. कॉलोनी निवासी शिव विहार निवासी राजेश उर्फ हकला पुत्र मोहम्मद रफीक को दबोचा। उसकी निशानदेही पर पाकिस्तान(Pak citizen) पेशावर शाहकाबुल जुगनशाह मोहल्ला भाई जोगासिंह गुरुद्वारा के पास हाल वेस्ट दिल्ली तिलक नगर सेन्ट्रल हॉस्पिटल के पास फस्र्ट फ्लोर निवासी जगजीत सिंह पुत्र अरनाम सिंह को गिरफ्तार किया। जगजीत सिंह दिल्ली में किराए के फ्लेट में रहता है। वह ठगी की रकम राजेश उर्फ हकला के बैंक खाते में डलवाता था। पड़ताल में जुर्म प्रमाणित होने पर अलवर गेट थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में दोनों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में थानाप्रभारी मुकेश चौधरी, एसआई दातारसिंह, हैडकांस्टेबल शिवकुमार, सिपाही जगदीश, सुधीर, धनपाल शामिल हैं।
एटीएम से निकालता था रकम
राजेश उर्फ हकला ने बताया कि जगजीतसिंह उसके खाते का इस्तेमाल करता था। इसकी एवज में जगजीत सिंह उसको कमीशन देता था। राजेश को जगजीत सिंह के दिल्ली के पत्ते की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने राजेश के पकड़े जाने के बाद दो दिन तक सर्च के बाद मिले मोबाइल नम्बर से जगजीत को तिलक नगर से दबोचा। वह यहां किराए के मकान में रहता था।
दिल्ली में भी हुआ गिरफ्तार
पूछताछ में सामने आया कि जगजीत सिंह दिल्ली के विकासपुरी थाने में 2 माह पहले गिरफ्तार हो चुका है। आरोपी को दिल्ली पुलिस ने साढ़े 4 लाख रुपए की धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया था। हालांकि पीडि़त की रकम लौटने पर आरोपी जगजीत सिंह पुलिस कार्रवाई से बच निकला।
तरीका वारदात
पड़ताल में सामने आया कि आरोपी जगजीत सिंह फर्जी और अन्य व्यक्तियों के नाम के मोबाइल सिमकार्ड का इस्तेमाल करते है। अंजान व भोले-भाले लोगों को कॉल कर व्यापार के नाम पर, कपड़ा/माल विदेश में एक्सपोर्ट करके अकाउंट में रुपए मंगवाने के नाम पर रुपए ऐंठते है। रकम मंगवाने के लिए राजेश उर्फ हकला जैसे लोगों के खातों का इस्तेमाल करते है।
यह है मामला
एमडी कॉलोनी निवासी अंकुर दत्ता ने 27 अगस्त को शिकायत दी कि उसे 7 अगस्त को सुनिता नामक महिला का कॉल आया। उसने यूएसए टेकसास से होना बताते हुए इंडिया में बिजनेस की इच्छा जाहिर की। फिर 21 अगस्त को उसे बोम्बे एयरपोर्ट से धीरज कुमार नामकव्यक्ति का कॉल आया। उसने कस्टम डिपार्टमेंट से होना बताते हुए एयरपोर्ट पर महिला को पकडऩे की बात कही। उन्होंने बताया कि महिला के पास 80 लाख की ज्वैलरी व 71 लाख के डीडी है। महिला का कहना है कि वह इंडिया में अंकुर के अलावा किसी को नहीं जानती है। आपको इसकी ड्यूटी जमा करवानी है। मेडम के पास 34 हजार केश है। उसे 36500 रुपए जमा करवाने होंगे। कॉलर के कहे अनुसार उसने पहले 36500 जमा करवा दिए। फिर दो टूकड़ों में 98 हजार रुपए जमा कराए। इसके बाद धीरज कुमार का फिर कॉल आया। उसने कहा कि मेडम 71 लाख के डीडी भी लेना चाहती है। मेडम अमेरिकन बैंक से ऑथोराइजेशन लेटर लेना भूल गई। लेटर बोम्बे एयरपोर्ट पर मिल जाएगा लेकिन उसे 1 लाख 80 हजार रुपए जमा करवाने होंगे। इसके बाद उसने रकम जमा ना करवाकर अलवर गेट थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

Published on: