अजमेर

नोटबंदी नहीं साहब ये नेटबंदी है , कांस्टेबल परीक्षा के दौरान दो दिन इंटरनेट बंद होने से लोगों का हुआ कुछ यूं बुरा हाल

पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए दूसरे दिन रविवार को भी इंटरनेट बंद रखा गया।

2 min read
Jul 16, 2018
people facing problem because of internet closed in constable exam
नोटबंदी नहीं साहब ये नेटबंदी है , कांस्टेबल परीक्षा के दौरान दो दिन इंटरनेट बंद होने से लोगों का हुआ कुछ यूं बुरा हाल

अजमेर. पुलिस कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के लिए दूसरे दिन रविवार को भी इंटरनेट बंद रखा गया। हालांकि सोशल मीडिया के बंद होने से दूसरे दिन भी दोनों पारी की परीक्षा बिना किसी रुकावट के सम्पन्न हो गई। जहां पुलिस अफसरों ने परीक्षा बगैर किसी घटना के समाप्त होने पर राहत की सांस ली। वहीं व्यापारी, युवा वर्ग और आमजन लगातार दूसरे दिन भी इंटरनेट बंद रहने से खासे परेशान रहे।सुबह 8 बजे ही परीक्षा केन्द्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लम्बी कतार नजर आने लगी।

केन्द्र के दरवाजे खुलते ही अभ्यर्थी तलाशी के बाद भीतर प्रवेश करने का दौर शुरू हो गया। दूसरे दिन भी अभ्यर्थी पूरी बाजू की शर्ट, जूते, बेल्ट और काला धागा पहनकर पहुंचे लेकिन पुलिस की सख्ती के आगे किसी की नहीं चली। आखिर सबकुछ केन्द्र के बाहर छोड़कर ही प्रवेश दिया। शाम 5 बजे दूसरी पारी की परीक्षा समाप्त होते ही यातायात पुलिस ने मोर्चा संभालते हुए अभ्यर्थियों को बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन तक पहुंचाने की मशक्कत में जुट गई। हालांकि रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर देर रात तक अभ्यर्थी धीरे-धीरे बस और ट्रेन की उपलब्धता के आधार पर निकले।

यातायात व्यवस्था पर कोई खास प्रभाव नहीं

दो दिन चार पारी में परीक्षा सम्पन्न होने से शहर की यातायात व्यवस्था पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा। वैसे शहर यातायात पुलिस ने भीड़ से निपटने के लिए मोबाइल पार्टी और चौराहों पर भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष इंतजाम किए थे। बाहर से आने वाले अभ्यर्थी भी रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड से अपने घर के लिए रवाना हो गए।

ग्यारह हजार 555 ने नहीं दी परीक्षा

जिले में 32 परीक्षा केन्द्रों पर दो दिन में चार पारी में हुई कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में प्रदेशभर से आए अभ्यर्थियों में से ग्यारह हजार 555 अनुपस्थित रहे। दूसरे दिन रविवार को साढ़े 31 हजार अभ्यर्थियों में से 25 हजार 079 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। यह आंकड़ा शनिवार की तुलना में 1300 कम रहा। जबकि पुलिस प्रशासन ने अजमेर शहर, किशनगढ़, ब्यावर, केकड़ी में दो दिन में 62 हजार 976 अभ्यर्थियों के लिए चार पारी में बैठने की व्यवस्था की थी। प्रत्येक पारी में 15 हजार 744 अभ्यर्थियों की 32 केन्द्र पर व्यवस्था थी लेकिन 51 हजार 421 अभ्यर्थी अजमेर जिले में परीक्षा देने आए।

रेलवे को 25 लाख की आमदनी

25 हजार अभ्यर्थियों ने किया ट्रेन में सफर
2 परीक्षा स्पेशल ट्रेन चलाई रेलवे ने

25 लाख रुपए आय हुई रेलवे को
2 हजार अनुमानत कम ऑनलाइन टिकट बने

रोडवेज ने 50 लाख कमाए
शहर में दो दिन हुई कांस्टेबल भर्ती से राजस्थान रोडवेज के अजयमेरू व अजमेर आगार को करीब 50 लाख रुपए की आय हुई है। शनिवार की तरह रविवार को भी अभ्यार्थियों को गंतव्य तक पहुंचाने के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन किया गया। रविवार को अजमेर आगार ने जोधपुर मार्ग पर 7, जयपुर के लिए 5 उदपुर के लिए 4 तथा भीलवाड़ा मार्ग पर 10 अतिरिक्त बसें चलाई। वहीं अजमेरू आगार ने भीलवाड़ा के लिए 10, जोधपुर के लिए 4 तथा जयपुर के लिए 1 बस चलाई। अजमेर आगार का लोड फैक्टर 102 व अजमेरू आगार का 93 प्रतिशत रहा। दोनो आगारों को दो दिन में 50 लाख रुपए की कमाई हुई। रोडवेज बसें यात्रियों से फुल नजर आई।

Published on:
16 Jul 2018 10:15 am