गिरोह में शामिल अधिकांश गुर्गों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमा दर्ज है।
आदर्शनगर थाना पुलिस ने राजमार्गों पर ट्रक के टायर व डीजल चोरी करने वाले अन्तरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करने में कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने गिरोह के सात अपराधियों को दबोचा है। आरोपितों ने राजमार्ग पर लूट व डीजल-टायर चोरी की वारदातें कबूली हैं। पुलिस उनसे गहनता से पड़ताल में जुटी है।
थानाप्रभारी नरपत सिंह ने बताया कि मुखबिर ने राष्ट्रीय राजमार्ग से सेंदरिया की तरफ जाने वाले रास्ते में सवारी गाड़ी में 6-7 संदिग्ध लोगों के बैठने की सूचना मिली। सूचना पर आईपीएस मोनिका सैन के निर्देशन में टीम का गठन कर घेराबंदी की। घेराबंदी के दौरान वाहन में बैठे कुछ युवक घबरा कर उतर कर दौड़ पड़े लेकिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें दबोच लिया।
पूछताछ करने पर उन्होंने वाहनों से डीजल और टायर की चोरी करना कबूला। पुलिस ने शाहजापुर (मध्यप्रदेश) लाठगाठी धुपाड़ा निवासी चेतन चावरे, बड़ी कॉलोनी निवासी हफीज मंसूरी, राजगढ़ (मध्यप्रदेश) खुजनेर पिंजारा मोहल्ला हाल हरायपुरा निवासी जाकिर अहमद, शाहजापुर देव बड़ी कॉलोनी निवासी इकबाल खां उर्फ काबा, गील तोड़ गली जामा मस्जिद निवासी जावेद खान, नसीराबाद बिठूर पचमेंता निवासी नीर मोहम्मद को गिरफ्तार किया।
धारदार हथियार किए बरामद
तलाशी में आरोपितों की जेब से धारदार छुरे मिले। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि हथियार रात में राजमार्ग पर खड़े होने वाले ट्रक-ट्रोलों के डाइवरों को धमकाने व डीजल-टायर चोरी करने के काम आता है। पुलिस ने हथियार जब्त कर आरोपितों के खिलाफ आम्र्स एक्ट में मामला दर्जकर अनुसंधान शुरू कर दिया।
लूट, मारपीट के हैं मुकदमे
पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि गिरोह राजस्थान, मध्यप्रदेश के राजमार्गों पर लूट, डीजल, टायर चोरी व मारपीट की सैकड़ों वारदातें अंजाम दे चुका है। गिरोह वारदात अंजाम देने के बाद भूमिगत हो जाता है। गिरोह में शामिल अधिकांश गुर्गों के खिलाफ विभिन्न थानों में मुकदमा दर्ज है।
बढ़ रही थी वारदातें
एसएचओ सिंह ने बताया कि राजमार्ग से सटे होटल, ढाबे पर वाहनों की टंकी से डीजल व टायर चोरी की बढ़ती घटना को देखते हुए एसपी राजेन्द्रसिंह ने एएसआई बाबूलाल विश्नोई, सिपाही सुखदेव, सुरेश, सत्यपाल सिंह, ऋषि शर्मा व साइक्लोन सेल प्रभारी जगमाल दायमा व सुनील की विशेष टीम का गठन किया।