अजमेर

लीड ……. घुश्मेश्वर धाम सजकर तैयार, दो माह तक होंगे धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन

Jul 24, 2026
Rajasthan

शिवाड़. शिवाड़ स्थित घुश्मेश्वर धाम में 29 जुलाई से 25 सितंबर तक आयोजित होने वाले श्रावण महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। घुश्मेश्वर ट्रस्ट मंदिर परिसर, धर्मशाला और घुश्मेश्वर गार्डन सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं कर रहा है। श्रावण मास में लाखों श्रद्धालु और कांवड़िये भगवान घुश्मेश्वर महादेव का जलाभिषेक, पूजा-अर्चना तथा प्रदोष पूजन करेंगे।
धर्मध्वजारोहण के साथ श्रावण महोत्सव का आगाज होगा
घुश्मेश्वर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रेमप्रकाश शर्मा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा महोत्सव से होगा। 30 जुलाई को विशाल कलश यात्रा एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसी दिन मंदिर के मुख्य शिखर पर धर्मध्वजारोहण के साथ श्रावण महोत्सव का विधिवत आगाज होगा। महोत्सव के दौरान धार्मिक अनुष्ठानों के साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, विद्युत, प्रकाश व्यवस्था, सफाई, सीसीटीवी निगरानी, रंग-रोगन और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रत्येक सोमवार को मंदिर परिसर स्थित कालरा सत्संग भवन में परंपरागत सोमवारिया जागरण तथा कस्बे के दशहरा मैदान में रात्रि 8 बजे से विशाल भजन संध्या आयोजित होगी।
प्रत्येक दिन अलग अलग महोत्सव होंगे
महोत्सव के दौरान 3 अगस्त को जय भोले बाबा मंडल, लालसोट की ओर से भजन संध्या, 10 अगस्त को सोम प्रदोष भजन संध्या, 12 अगस्त को हरियाली अमावस्या पर वृक्षारोपण, 15 अगस्त को हरियाली तीज महोत्सव तथा 16 अगस्त को शिवालय सरोवर पर महाआरती आयोजित होगी। इसके अलावा जन्माष्टमी, तेजाजी, जलझूलनी एकादशी, प्रदोष पूजा, अनंत चतुर्दशी सहित विभिन्न धार्मिक अवसरों पर विशेष कार्यक्रम होंगे।
निर्बाध बिजली आपूर्ति की व्यवस्था हो
ट्रस्ट अध्यक्ष ने बताया कि लगातार हुई अच्छी बारिश से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और किसान वर्ग भी श्रावण महोत्सव को लेकर उत्साहित है। ग्रामीणों, व्यापारियों और ट्रस्ट पदाधिकारियों ने प्रशासन एवं राज्य सरकार से महोत्सव अवधि में निर्बाध बिजली आपूर्ति, ईसरदा रेलवे स्टेशन पर दयोदय एक्सप्रेस का ठहराव, जयपुर, टोंक और सवाई माधोपुर से अतिरिक्त रोडवेज बसों का संचालन, नियमित सफाई, सार्वजनिक शौचालयों की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस जाप्ता, अतिक्रमण हटाने तथा ईसरदा रेलवे स्टेशन से राण्या-काण्या बालाजी तक सड़क निर्माण कराने की मांग की है।

Updated on:
24 Jul 2026 06:01 am
Published on:
24 Jul 2026 06:01 am