
पुष्कर। राजस्थान के अजमेर जिले में पुष्कर के बड़ी बस्ती शिव चौक सब्जी मंडी के पास स्थित एक ज्वैलरी शॉप में शुक्रवार के मध्य रात्रि बाद नकाब पहने युवक ने तीसरी मंजिल से प्रवेश किया तथा लॉकर के पास रखे करीब 8 किलो चांदी के जेवरात व बर्तन चोरी करके भाग गया। चोरी की वारदात करने से पहले दुकान में लगे सीसीटीवी तोड़ दिए गए। चोर ने करीब आधे घंटे तक टार्च की रोशनी में इत्मीनान से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
प्रथमदृष्टया पूर्व नियोजित रैकी करके घटना करने का अंदेशा लगाया जा रहा है। ज्वैलरी शॉप के मालिक दीपक सोनी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरा में रिकॉर्ड जानकारी के अनुसार युवक पड़ोस की छत पर बने तीन शेड से दुकान के तीसरी मंजिल पर लगी जाली काटकर अंदर घुसा तथा सीढ़ियों से उतरा और सतह मंजिल पर दुकान में लॉकर के ऊपर रखे काले बैग में रखे करीब 8 किलो चांदी के आभूषण बर्तन व सामान चुरा ले गया।
दीपक ने पत्रिका को बताया कि शनिवार को प्रात: करीब साढै नो बजे रोजमर्रा की तरह दुकान खोली तो आलमारी का सामान बिखरा मिला। तब चोरी का पता लगा। दीपक ने बताया सीसीटीवी में रिकार्ड के अनुसार पड़ोसी के लगे टीन शेड से शुक्रवार की रात करीब एक बजे बाद चेहरे पर नकाब तथा हाथों में दास्ताने पहना एक अज्ञात युवक दुकान की तीसरी मंजिल पर लगी लोहे की जाली तोड़कर अंदर घुसा तथा लोहे के सरिए से खिड़की तोड़ता हुए सीढ़ियां उतरकर दुकान की सतह मंजिल तक आ गया। सतह पर लॉकर के पास बैग में रखे चांदी से बने गिलास, मूर्तियां, पायेजब, कटोरियां सहित करीब 8 किलो चांदी के आइटम चुरा कर ले गया।
खास बात तो यह है कि चोर ने इत्मीनान से वारदात अंजाम दी। लॉकर नही खोल सका वर्ना लाखों की चोरी हो जाती। अज्ञात नकाबपोश ने टॉर्च की रोशनी में करीब आधे घंटे तक दुकान की आलमारी मे रखे जेवरात चुराए। शनिवार को सूचना मिलते ही थानाधिकारी विक्रम सिंह ने मय टीम के मौके पर पहुंचकर जांच की।
फोरेंसिक टीम ने मौके पर आकर चिह्न लिए तथा सीसीटीवी फुटेज से चोर को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है। दीपक सोनी ने बताया कि करीब दस साल पहले इसके पास वाली दुकान के ताले तोड़कर करीब डेढ लाख के जेवरात चोरी करने की वारदात की जा चुकी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
यह वीडियो भी देखें