25 जुलाई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Ajmer: हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का खुलासा, देशी पिस्टल-मैगजीन और जिंदा कारतूस के साथ आरोपी गिरफ्तार

अजमेर में जिला स्पेशल टीम और पीसांगन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देशी पिस्टल, मैगजीन और जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
2 min read
Google source verification
Ajmer Crime

पीसांगन थाना पुलिस की गिरफ्त में पिस्टल के साथ पकड़ा आरोपी और बरामद की गई पिस्टल (फोटो: पत्रिका)

Weapon Supply Network Exposed: अजमेर जिला स्पेशल टीम एवं पीसांगन थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देशी पिस्टल मय मैगजीन और एक जिंदा कारतूस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस को इस कार्रवाई के बाद अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है। मामले में पुलिस आरोपी से हथियारों की खरीद, सप्लाई और इससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

एसपी हर्षवर्द्धन अग्रवाल ने बताया कि जिला स्पेशल टीम प्रभारी शंकर सिंह रावत को संदिग्ध व्यक्ति के हथियार के साथ घूमने की सूचना मिली थी। इसके बाद अजमेर के पीसांगन थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। सूचना में बताया गया कि पीले रंग की टी-शर्ट और काले रंग का पजामा पहने एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से भटसूरी से नाड़ की तरफ आ रहा है और उसके पास हथियार होने की संभावना है। सूचना के आधार पर सहायक उप निरीक्षक महावीर प्रसाद, कांस्टेबल सुखाराम सहित पुलिस टीम को मौके पर रवाना किया गया।

किया भागने का प्रयास

पुलिस की नाकाबंदी देख युवक ने मोटरसाइकिल मोड़ ली। वह भागने का प्रयास करने लगा। जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल कालूराम एवं थाना पुलिस जाप्ते ने पीछा कर मोटरसाइकिल सहित संदिग्ध को पकड़ लिया। पुलिस ने जामोलारू डोया का खेडा पुलिस थाना मसूदा निवासी सोनू गुर्जर पुत्र लालाराम से पूछताछ की।

तलाशी में हथियार बरामद

तलाशी के दौरान आरोपी की पैंट में छिपाकर रखा गया पिस्टलनुमा देशी हथियार मय मैगजीन और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बरामद कारतूस के पेंदे पर केएफ 7.65 अंकित पाया गया। पुलिस ने आरोपी से हथियार और कारतूस रखने का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया। साथ ही आरोपी की मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

नेटवर्क का खुलासा

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि हथियार खरीदने में मकरेड़ा निवासी राजेश उर्फ राजू और खुडाना बास, हरियाणा निवासी कुलदीप सिंह राठौड़ उर्फ बाबा की भूमिका है। आरोपी ने बताया कि उसने दो दिन पहले बांदनवाड़ा क्षेत्र से यह हथियार खरीदा था।

पुलिस जांच में कुलदीप सिंह की हथियार सप्लाई से जुड़ी भूमिका सामने आई है। अब पुलिस अवैध हथियारों के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की जानकारी जुटाने और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में लगी हुई है। आरोपी से हथियारों की खरीद-फरोख्त, सप्लाई चेन और अन्य वारदातों को लेकर गहन पूछताछ जारी है।