
अजमेर. पुष्कर पशु मेले में सीकर का ऊंट 'बादल' अपने खास श्रृंगार और नृत्य से मेलार्थियों का ध्यान खींच रहा है। शरीर पर राजस्थानी बूटे, पत्तियां, मोर, हंस, पगड़ीधारी पुरुष और मटकी लिए महिला की आकृतियां उकेरी गई है। बादल कई वर्षों से नृत्य प्रतियोगिताओं में जीत हासिल कर रहा है। मालिक उसे संतान की तरह पालते हैं और उसकी देखभाल पर हर महीने हजारों रुपए खर्च करते हैं। बादल के श्रृंगार के लिए हरियाणा से विशेष कारीगर बुलाया जाता है। मेले से करीब एक सप्ताह पहले कटिंग और शेविंग शुरू होती है। एक बार की शेविंग (उस्ता कलां) में करीब 72 घंटे लगते हैं और 20 हजार खर्च होते हैं। मेले के दौरान भी नियमित टचअप कराया जाता है।
ऊंटपालक विकास पचार ने बताया कि बादल को साढ़े आठ हजार रुपए क्विटल की ग्वार खिलाई जाती है। इसमें तिल्ली, सरसों का तेल और घी मिलाया जाता है, ताकि उसकी त्वचा और बाल चमकदार रहें।
पचार ने बताया कि दो साल की उम्र से ऊंटों को नृत्य की ट्रेनिंग दी जाती है। यह सबसे कठिन समय होता है, इस दौरान कई बार ऊंट लात मारते हैं और गर्दन से झटका देते हैं। जिससे ट्रेनर व ऊंट दोनों को खतरा रहता है। बादल चौटाला, भंगड़ा और तीतरी जैसी मुद्राएं दिखाता है। उसे 'तेजल सुपर डूपर' और 'म्हारो तेजाजी रखवालो' गीत पसंद हैं। जैसलमेर, बीकानेर और नागौर की प्रतियोगिताओं में जीतने के बाद पुष्कर मेले की नृत्य प्रतियोगिता में भी उसका दबदबा बना हुआ है।
तीर्थनगरी पुष्कर में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को आखिरी पंचतीर्थ महास्नान होगा। ब्रह्म मुहूर्त से ही पुष्कर सरोवर के घाटों पर श्रद्धालुओं के स्नान का सिलसिला शुरू हो गया है। अब तक करीब दो लाख श्रद्धालु पुष्कर पहुंच चुके हैं। वाहनों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु अजमेर से पुष्कर घाटी मार्ग होते हुए पैदल भी पहुंचे। ग्रामीण महिलाएं रास्ते में 'पुष्कर की पेड़या पर राम झखोलों खाव्या दो…' के पारंपरिक गीत गुनगुनाती नजर आई। बाजारों, मंदिरों और मेला मैदान में श्रद्धालुओं की भीड़ रही। जिला प्रशासन ने सरोवर के घाटों पर रोशनी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। सिविल डिफेंस, स्काउट-गाइड और एसडीआरएफ के जवान तैनात है। घाटों और मंदिरों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। मंगलवार को दिनभर महास्नान चलेगा। इसके साथ ही धार्मिक पुष्कर मेले का अधिकृत रूप से समापन हो जाएगा। पुष्कर मेला क्षेत्र में 2500 पुलिसकर्मी, सरोवर के घाटों पर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के 50 जवान तथा सिविल डिफेंस के 90 स्वयंसेवक तैनात किए गए है। पानी की गहराई दर्शाने के लिए 52 घाटों पर 101 लाल झंडियां लगाई गई हैं। राजस्थान रोडवेज की ओर से 100 बसों का संचालन किया जा रहा है।