अजमेर

पुष्कर: मेले से पहले पुरोहितों का फूटा गुस्सा

pushkar news : पुष्कर सरोवर के ब्रह्म घाट से लेकर परिक्रमा मार्ग तक लंबे समय से सीवरेज का गंदा पानी बहने की समस्या बनी हुई है। इसे लेकर मंगलवार को पुरोहितों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही पुरोहित संघ कार्यालय बंद कर आगामी नगर पालिका चुनाव में मतदान का बहिष्कार एवं पुष्कर मेले का बहिष्कार की चेतावनी दी है।  

2 min read
Oct 29, 2019
पुष्कर: मेले से पहले पुरोहितों का फूटा गुस्सा

पुष्कर. पुष्कर (pushkar) सरोवर के ब्रह्म घाट से लेकर परिक्रमा मार्ग पर पिछले कई दिनों से सीवरेज का गंदा पानी बहने के खिलाफ आज पुरोहितों का गुस्सा फूट पड़ा। ब्रह्म घाट पर पुष्कर पुरोहित संघ का कार्यालय बंद करके पुरोहितों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आगामी नगर पालिका चुनाव में मतदान नहीं करने एवं पुष्कर मेले का बहिष्कार करने की चेतावनी दी है।

पुष्कर सरोवर के ब्रह्म घाट से लेकर परिक्रमा मार्ग पर लंबे समय से जगह-जगह से हजारों लीटर सीवरेज का गंदा सड़ांध भरा पानी सडक़ों पर बह रहा है। हालत यह है कि पुष्कर सरोवर में पूजा करने के लिए आने वाले श्रद्धालु गंदे पानी से गुजरकर पुष्कर सरोवर में आ रहै हैं। इससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हो रही है प्रशासन की ओर से इस बारे में कोई कार्यवाही नहीं किए जाने पर सोमवार को पुष्कर पुरोहितों का गुस्सा फूट पड़ा।

ब्रह्म घाट पर सैकड़ों की संख्या में उपस्थित पुरोहितों ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की तथा पुरोहित संघ का कार्यालय बंद कर दिया। पुरोहितों का कहना है कि जिला प्रशासन पुष्कर की धार्मिक आस्था को लेकर कतई चिंतित नहीं है। पुरोहितों ने चेतावनी देते हुए बताया कि अगर शीघ्र समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आगामी नगर पालिका चुनाव मतदान का बहिष्कार किया जाएगा तथा पुरोहित संघ एवं पुष्कर के समस्त पुरोहित पुष्कर मेले का भी बहिष्कार करेंगे।

गौरतलब है कि तीर्थराज पुष्कर में करोड़ों रुपए का विकास करने का दावा करने वाले जनप्रतिनिधि एवं सरकार पुष्कर सरोवर की पवित्रता को लेकर बिल्कुल भी चिंतित नजर नहीं आ रहै हैं यही कारण है कि पुष्कर में सीवरेज की समस्या दिनोंदिन विकराल रूप लेती जा रही है। पुष्कर सरोवर में कई बार सीवरेज का गंदा पानी मिल चुका है वहीं जगह-जगह पर सीवरेज का गंदा पानी सडक़ों पर बहने लगा है तथा पुष्कर में सड़ांध का माहौल यथावत बरकरार है। कई बार पुरोहित संघ की ओर से जिला प्रशासन को आगाह भी किया गया लेकिन अल्प समय के लिए जनरेटर लगाकर इसका समाधान कर दिया जाता है।

Published on:
29 Oct 2019 02:23 pm
Also Read
View All