अजमेर

Qms : आरटीओ में अब क्यू मैनेजमेंट सिस्टम

कामकाज में आएगी पारदर्शिता, होगी समय की भी बचत
2 min read
• •
Updated: 6 Dec 2019, 8:47 PM IST
Qms : आरटीओ में अब क्यू मैनेजमेंट सिस्टम
Qms : आरटीओ में अब क्यू मैनेजमेंट सिस्टम

दिनेश कुमार शर्मा

अजमेर.

जिला परिवहन कार्यालय में लाइसेंस बनवाने समेत अन्य कामकाज के लिए आने वालों को अब लम्बी कतार में घंटों इंतजार करने की समस्या से निजात मिलेगी। इस व्यवस्था से कार्यालय में हो रहे कामकाज में भी पारदर्शिता आएगी।

परिवहन कार्यालय में लाइसेंस बनवाने, नवीनीकरण कराने, वाहन पंजीयन सहित आरसी नवीनीकरण के लिए आने वालों को लम्बी कतार में इंतजार की समस्या से जूझना पड़ता था। इसमें सबसे बड़ी समस्या यह भी थी कि एजेंटों के माध्यम से काम कराने वालों का नंबर पहले आ जाता था।

क्योंकि एक-एक एजेंट कई आवेदकों के फार्म एक साथ खिड़की पर जमा करा देता था। इससे अपने आवेदन के साथ कतार में लगे आम आवेदक को लम्बा इंतजार करना पड़ता था। इस समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए अब विभाग ने क्यू मैनेजमेंट सिस्टम अपनाने की पहल की है।

मिलेगा टोकन नंबर

योजना के तहत लर्निंग आवेदन करते ही आवेदक को एक टोकन नंबर दिया जाएगा। इसमें आवेदक को काम के लिए आने की तारीख, उसका निर्धारित समय और एक नंबर लिखा होगा।

आवेदन के बाद आवेदन को इसी व्यवस्था के तहत निर्धारित तारीख और समय पर काम के लिए आना होगा। इससे जहां लोगों के समय की बचत होगी, वहीं कामकाज में पारदर्शिता आएगी और आम आवेदक के एजेंटों की भीड़ में पिछडऩे की शिकायत का भी समाधान हो सकेगा।

जयपुर में हो चुकी है व्यवस्था

जयपुर में परिवहन कार्यालय में अभी इसी व्यवस्था के तहत कामकाज हो रहा है। यहां क्यू मैनेजमेंट सिस्टम लागू कर दिया गया है। जगतपुरा और झालाना दोनों ही कार्यालयों में विगत दिनों कामकाज के लिए यह व्यवस्था लागू कर दी गई है।

निजी फर्म ने किया सर्वे

परिवहन विभाग के जयपुर कार्यालय में क्यू मैनेजमेंट सिस्टम पर कार्य करने वाली निजी फर्म ने अजमेर कार्यालय में आकर इस संबंध में सर्वे कार्य पूरा कर लिया है। फर्म की ओर से जल्द ही इस व्यवस्था पर कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद लोगों को कतार की समस्या से निजात मिलेगी।

Published on: