
अजमेर. आगामी लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने चुनावी बिगुल फूंक दिया है। कायड़ स्थित विश्राम स्थली कांग्रेस सेवादल का राष्ट्रीय अधिवेशन जारी है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ( Ashok Gehlot ) और उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ( Sachin Pilot ) किशनगढ़ एयरपेार्ट पहुंच चुके हैं। उधर कांग्रेस के महासचिव और मंत्रियों को एसपीजी ने डोम के अंदर जाने से रोक दिया। एसपी कुंवर राष्ट्रदीप की दखल के बाद उन्हें जाने दिया गया।
राहुल गांधी दिल्ली से किशनगढ़ तक प्लेन में पहुंचेंगे। यहां से वे हेलीकॉप्टर में अजमेर की कायड़ विश्राम स्थली जाएंगे। उधर विश्राम स्थली में बने डोम में कांग्रेस महासचिव अविनाश पांडे, परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास, चिक्तिसा मंत्री डॉ. रघु शर्मा को एसपीजी ने रोक दिया। वे डोम का जायजा लेने जा रहे थे। एसपी कुंवर राष्ट्रदीप तत्काल मौके पर पहुंचे।
महा अधिवेशन जारी
अधिवेशन में डॉ. एस. एन. सुब्बाराव ने कहा कि भारत में जैन, बौद्ध धर्म सिख आदि हैं। दुनिया के सबसे अधिक मुसलमान यहां है। ईसाई धर्म की भी बहुतायत है। भारत में विविधता है। यहां युवाओं को जाति धर्म के विभिन्न लोग है। राष्ट्र प्रेम जगाना जरूरी है। सेवा भारत को अखंड बना कर रखना। जाति, धर्म, भाषा सबसे सर्वोपरि राष्ट्रध्वज है। हम राष्ट्र को सलामी देते हुए राष्ट्रध्वज को समर्पण करेंगे। राष्ट्रध्वज के आदेश व मूल्यों के लिए आदर देते हुए उसे सलामी करेंगे। कार्यक्रम में सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालजी भाई देसाई ने कहा कि सेवादल कार्यकर्ता साम्प्रदायिक सौहार्द एकता व अखंडता के साथ देश में सहिष्णुता की भावना जगाएंगे।
राहुल गांधी का इंतजार
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ( Rahul Gandhi )का अधिवेशन में इंतजार है। यहां वे मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। इसके बाद वह प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे। विभिन्न सत्रों में निकले बौद्धिक मंथन के बाद घोषणा पत्र जारी करेंगे। साथ ही आमजन को होने वाली समस्याओं व उनके उपाय को लेकर कार्यकताओं को संबोधित करेंगे। वे देशभर से आए कार्यकर्ताओं को आने वाले चुनाव में पार्टी को जिताने का संकल्प कराएंगे।