अजमेर

Rajasthan-election 2018: नेताजी जरा ध्यान दीजिए, ये हैं पुष्कर की समस्याएं

www.patriak.com/rajasthan-news

2 min read
Nov 07, 2018
pushkar area problem
pushkar area problem

पुष्कर.

विधानसभा चुनावों में आस्था के केन्द्र पुष्कर सरोवर में गंदे पानी की आवक को रोकने का वादा पूरा नहीं होने, रोडवेज बस स्टैंड नहीे बनाने एवं पुष्कर घाटी सुरंग का कार्य शुरू नही होना मुख्य मुद्दे बनने की संभावना है। यहां से भाजपा के सुरेश सिंह रावत विधायक हैं। वे संसदीय सचिव भी है। उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी नसीम अख्तर को बड़े अंतर से हराया था।

शिक्षा : पुष्कर में नामी शिक्षण संस्थाओं की कमी पिछले काफी अरसे से अखर रही है। इसलिए यहां के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए अजमेर की शिक्षण संस्थाओं में प्रवेश लेना पड़ता है। उच्च शिक्षा के लिए भी राजकीय महाविद्यालय का अपना भवन नही है। पालिका की विश्राम स्थली में दो कमरो में कॉलेज चलाने की औपचारिकता पूरी की जा रही है।

सडक़ : पुष्कर घाटी से लेकर अजमेर तक गौरव पथ का काम अधूरा पड़ा है। इसी तरह से पुष्कर से गुजरनेवाले भारी वाहनों को बूढ़ा पुष्कर से सीधे बाढ़ी घाटी तक ले जाने के लिए प्रस्तावित बाईपास का काम भी शुरु नहीं हो पाया है। मुख्य पुष्कर कस्बे की सडक़ों की हालत अच्छी नहीं है। पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में आने वाले गांवों की सडक़ें खस्ताहाल है। पुष्कर-अजमेर के बीच महत्वकांक्षी घाटी सुरंग योजना भी फाइलों में दबी हुई है। चिकित्सा : पुष्कर में चिकित्सा संसाधनों का पूर्णत: अभाव है। बीस गांवो के लिए महज एक चिकित्सालय है वहां भी सर्जरी की सुविधा नहीं है।

पेयजल :
क्षेत्रवासियों को पेयजल की किल्लत का सामना करना पड़ा रहा है। यहां अमूमन 96 घंटे के अंतराल में जलापूर्ति होने से क्षेत्रवासियों में रोष है। अतिक्रमण- पूरे पुष्कर क्षेत्र में अतिक्रमण की भरमार है। मुख्य बाजार, ब्रह्मा मंदिर मार्ग पर सडक़ पर पांच पांच फीट तक अतिक्रमण किया जा चुका है।


ड्रेनेज :

इस विधानसभा क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या ड्रेनेज सिस्टम है। पुष्कर सरोवर में गंदी पानी की आवक से क्षेत्रवासियों में काफी समय से रोष है लेकिन इसके समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। पुष्कर सरोवर के परिक्रमा मार्ग सहित पंचकुंड रोड पर सीवरेज का पानी बहना आम बात है।

प्रतिक्रिया : मैंने अपने कार्यकाल के 80 वादे पूरे कर दिए हैं। पुष्कर घाटी सुरंग बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने बजट में घोषणा कर दी थी वह पूरी होगी । पुष्कर सरोवर में गंदे पानी को रोकने की योजना के लिए हम संकल्पित है

-सुरेश सिंह रावत विधायक पुष्कर

भाजपा राज में पुष्कर में एक भी विकास का काम धरातल पर नहीं आया। सावित्री पहाड़ी तक रोप वे ले जाना, राजकीय महाविद्यालय बनाने, तहसील एवं उपखंड कार्यालय खोलने जैसे विकास कार्य मेरे कार्यकाल की देन है । भाजपा विधायक ने केवल कॉंग्रेस राज की पुष्कर विकास की योजनाओं के लोकार्पण का काम किया है।

-नसीम अख्तर, पूर्व विधायक कांग्रेस पुष्कर

Updated on:
26 Oct 2018 04:50 pm
Published on:
07 Nov 2018 07:15 pm