अजमेर

राजस्थान में ऑनर किलिंग का बड़ा मामला, प्रेम विवाह में गंवानी पड़ी जान, एक नहीं तीन परिवार थे नाराज, पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी

Rajasthan Honor Killing : राजस्थान में ऑनर किलिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है। अजमेर जिले के जायल के रातंगा निवासी सहदेवराम भाकर की हत्या की मुख्य वजह प्रेम विवाह करना सामने आया है। सहदेव और लड़की दोनों पहले से शादीशुदा थे, इससे सहदेव से एक नहीं, बल्कि तीन परिवार नाराज थे।
2 min read
Rajasthan Honor Killing Big Case Life was Lost in Love Marriage Ajmer Police is searching for Accused
फाइल फोटो पत्रिका

Rajasthan Honor Killing : राजस्थान के अजमेर जिले में ऑनर किलिंग का एक बड़ा मामला सामने आया है। अजमेर जिले के जायल के रातंगा निवासी सहदेवराम भाकर (28 वर्ष) की हत्या की मुख्य वजह प्रेम विवाह करना सामने आया है। हालांकि हत्या करने वालों में किसका हाथ है, इसका खुलासा आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो पाएगा, लेकिन पुलिस का कहना है कि जिस प्रकार सहदेव ने खुद शादीशुदा होते हुए प्रेम विवाह किया और जिस लड़की से प्रेम विवाह किया, वह भी पहले से शादीशुदा थी, इससे सहदेव से एक नहीं, बल्कि तीन परिवार नाराज थे।

जायल के खेत में मिला सहदेव का शव

अजमेर सिविल लाइन थाने के सीआइ शंभू सिंह ने बताया सहदेव का शव जायल (नागौर) के एक गांव के खेत में शनिवार शाम को बरामद हुआ। अजमेर से सिविल लाइन पुलिस जायल पहुंची और शव को जायल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया।

आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है पुलिस

सीआई शंभुसिंह ने बताया कि रविवार को परिजनों की मौजूदगी में सहदेव राम के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उन्हें सुपुर्द कर दिया। हत्या के आरोपियों की तलाश के लिए अजमेर सिविल लाइंस थाना पुलिस के साथ जायल, कुचेरा व बड़ी खाटू के साथ विशेष टीम लगी हुई हैं, जो आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिशें दे रही हैं।

12 जून को अजमेर में नर्स भर्ती परीक्षा देने आया था सहदेव

अजमेर के सिविल लाइन थाने पहुंचे मृतक के पिता रामदेव ने रिपोर्ट में बताया कि 12 जून को सहदेव अजमेर में नर्स भर्ती परीक्षा देने आया था। साथ में उसका दोस्त हरेन्द्र भी था। हरेंद्र ने पिता को बताया मैं और सहदेव 13 जून दोपहर 1 बजे अजमेर रोडवेज बस स्टैंड पर घर लौटने के लिए पहुंचे थे। इस बीच सहदेव का साढ़ू और बड़ी साली ललिता बस स्टैंड पर आए। सहदेव को कुछ अनहोनी का अहसास हो गया था। उसने मुझे चले जाने को कहा। उसके बाद उसका कुछ पता नहीं चला।

पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज किया

शनिवार दोपहर पिता रामदेव ने आरोप लगाया था सहदेव के चाचा ससुर, साढ़ू, साली, ससुर व अन्य लोगों ने मेरे बेटे का अपहरण किया है। पुलिस ने अपहरण का मुकदमा दर्ज कर लिया। शाम को ही सहदेव की बॉडी मिल गई। बताया जा रहा है कि अनुसार सहदेव ने नवंबर 2024 में कोर्ट मैरिज की थी। उसके बाद उसने पुलिस सुरक्षा की गुहार की थी। पुलिस के अनुसार उसे सुरक्षा उपलब्ध कराई गई थी।

पहली पत्नी ने कराया रखा है दहेज का केस दर्ज

CI शंभू सिंह ने बताया कि उसकी पहली पत्नी ने उस पर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज करा रखा है। पुलिस का कहना है कि शव पर चोट के निशान हैं। कई जगह खून भी लगा मिला है।

Updated on:
16 Jun 2025 08:45 am
Published on:
16 Jun 2025 08:41 am