
फाइल फोटो पत्रिका
Jaipur Crime : जयपुर-अजमेर हाईवे पर महलां की विराट सिटी में शनिवार को पेड़ पर युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के परिजन ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाते हुए सुबह से देर शाम तक आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बगरू कस्बे के राजकीय अस्पताल के मुर्दाघर के बाहर धरना दिया। बगरू विधायक व पुलिस के अधिकारियों ने समझाइश कर मामला शांत कराया तो परिजन पोस्टमार्टम को राजी हुए। रविवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार भंभोरिया निवासी सुनील शर्मा पुत्र भंवरलाल शर्मा (28 वर्ष) का शव महलां की विराट सिटी में पेड़ से लटका मिला है। सूचना के बाद मौखमपुरा थानाधिकारी संजय प्रसाद मीणा मौके पर पहुंचे और युवक की शिनात कर परिजनों को सूचना दी। इसके बाद शव को पेड़ से उतारकर बगरू कस्बे के राजकीय अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया।
परिजनों ने बताया कि सुनील शुक्रवार शाम झाई गांव स्थित किराने की दुकान पर था, तभी 5-7 लोग आए और अकेले में बात करते हुए अपने साथ ले गए। इसके बाद से उसका मोबाइल फोन बंद आ रहा था। परिजन शुक्रवार शाम से ही उसकी तलाश कर रहे थे। परिजन ने आरोप लगाया है कि युवक को साथ ले जाने वालों ने उसकी हत्या की है।
परिजन हत्या का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए और पोस्टमार्टम कराने पर राजी नहीं हुए। मामला बढ़ने पर दूदू एसीपी दीपक खंडेलवाल, बगरू एसीपी हेमेन्द्र शर्मा, बगरू थानाधिकारी मोतीलाल शर्मा मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे परिजन तथा रिश्तेदारों से समझाइश का प्रयास किए, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। शनिवार देर शाम परिजन व रिश्तेदारों ने लिंक रोड पर जाम लगा दिया।
इस पर बगरू विधायक डॉ. कैलाश वर्मा, पूर्व विधायक गंगा देवी मौके पर पहुंचे। इसके बीच समझाइश का दौर चला। इसके बाद शाम 7.15 बजे परिजन पोस्टमार्टम पर राजी हुए। बगरू एसीपी हेमेन्द्र शर्मा ने 5 दिन में मामले का खुलासा करने का आश्वासन दिया। रविवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
Updated on:
15 Jun 2025, 8:07 AM IST
Published on:
15 Jun 2025, 8:07 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.