
अजमेर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में रविवार को कृष्णगंज थाना पुलिस ने यूथ कांग्रेस के पूर्व नेता नरेश राघानी के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने करीब 4 घंटे तक प्रकरण में पूछताछ के बाद उसका मेडिकल करवाया। पुलिस ने रविवार दोपहर राघानी को थाने बुलाकर निरोधात्मक कार्रवाई की।
पुलिस ने बताया कि राघानी के खिलाफ वैशालीनगर स्थित अमरदीप कॉलोनी निवासी दिनेश पाराशर ने शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नरेश राघानी ने 13 अप्रेल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करते हुए विवादित पोस्ट अपलोड की थी।
इसके बाद 28 जून को परिवादी के सोशल मीडिया अकाउंट पर की गई पोस्ट पर राघानी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी। शिकायत के अनुसार घर के बाहर खड़े वाहनों के ड्राइवरों और एफआईआर के आदेश को लेकर भी राघानी ने मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी की थी, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने कार्रवाई की मांग की। हालांकि उसने बाद में टिप्पणी हटा दी, लेकिन उससे पहले परिवादी ने उसका स्क्रीनशॉट सुरक्षित रख लिया।
पुलिस ने प्रकरण को फिलहाल अनुसंधान में रखा है। उधर भाजपा शहर अध्यक्ष रमेश सोनी ने प्रकरण की प्रदेश आलाकमान को सूचना देते हुए पुलिस अधीक्षक से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस के अनुसार फिलहाल राघानी को शांति भंग में गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच के आधार पर आगे अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। रविवार शाम पुलिस ने आरोपी का जेएलएन (JLN) अस्पताल में मेडिकल करवाया।
मुख्यमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने की शिकायत मिलने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है।
-हिमांशु जांगिड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर)