
weather update मौसम में गुरुवार को बदलाव दिखाई दिया। सुबह पहाड़ियों पर हल्की धुंध और आसमान में बादलों की टुकड़ियां मंडराई। सूरज और बादलों में लुकाछिपी का दौर चला। मामूली ठंडापन भी रहा। दोपहर बाद चमकदार धूप निकली। अधिकतम तापमान 32.3 और न्यूनतम 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा। देश के उत्तरी इलाके में पश्चिमी विक्षोभ के चलते अलसुबह से आसमान में बादल और हल्की धुंध छाई रही। हवा में मामूली ठंडापन महसूस हुआ। वाहनों और पेड़-पौधों पर हल्की नमी भी दिखी। सूरज और बादलों में लुकाछिपी चली। बाद में बादलों की परत हटी तो तेज धूप निकली।
नवम्बर में गर्माहट
इस बार नवम्बर के पहले पखवाड़े में गर्माहट है। बीते साल 1 से 15 नवम्बर के दौरान अधिकतम तापमान 28 से 30 और न्यूनतम तापमान 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तक था। इस बार अधिकतम तापमान 32 से 34 और न्यूनतम 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच घूम रहा है। रात को छोड़कर गुलाबी ठंडक अब तक महसूस नहीं हुई है।
हो सकती है बूंदाबांदी
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते राज्य के कई हिस्सों में बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद ही मौसम में ठंडक धीरे-धीरे बढ़ेगी।