
Riteish Deshmukh and Genelia Deshmukh Visit Ajmer: सूफी संत हजरत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की विश्व प्रसिद्ध दरगाह में शुक्रवार सुबह बॉलीवुड अभिनेता रितेश देशमुख और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख अपने बेटे रियान देशमुख के साथ जियारत करने पहुंचे। दोनों ने ख्वाजा साहब की बारगाह में अकीदत के फूलों का नजराना और मखमली चादर पेश कर मुल्क में अमन-चैन, खुशहाली और भाईचारे की दुआ मांगी। रितेश देशमुख और उनका परिवार पुलिस सुरक्षा के बीच दरगाह पहुंचा।
बता दें कि रितेश देशमुख परिवार संग निजाम गेट पर अपनी कार से उतरे। इस दौरान सभी ने चेहरे पर मास्क लगा रखा था। जैसे ही उन्होंने मास्क हटाया, वहां मौजूद प्रशंसकों में उत्साह बढ़ गया। अपने पसंदीदा अभिनेता और अभिनेत्री को सामने देखकर लोग उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने और सेल्फी लेने के लिए उत्सुक नजर आए। दरगाह परिसर में प्रशंसकों की भीड़ जुट गई।
दरगाह के खादिम सैयद मोहम्मद जव्वाद चिश्ती ने देशमुख परिवार को ख्वाजा साहब की जियारत करवाई। परिवार ने मजार पर अकीदत के फूल और मखमली चादर पेश की। जियारत के दौरान रितेश देशमुख और जेनेलिया ने परिवार की खुशहाली के साथ अपनी आगामी फिल्मों और फिल्मी प्रोजेक्ट्स की सफलता के लिए भी दुआ मांगी। खादिम की ओर से परिवार को तबर्रुक भेंट किया गया।
जियारत के दौरान रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। जियारत पूरी होने के बाद दोनों निजाम गेट की सीढ़ियों पर पहुंचे और वहां मौजूद प्रशंसकों की ओर हाथ हिलाकर उनका अभिवादन किया। इसके बाद पुलिस सुरक्षा के बीच परिवार दरगाह से रवाना हो गया।
अजमेर स्थित ख्वाजा मोइनुद्दीन चिश्ती की दरगाह देश-विदेश के जायरीन की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां आम जायरीन के साथ बॉलीवुड सहित विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां भी जियारत के लिए पहुंचती रहती हैं। रितेश देशमुख और जेनेलिया के पहुंचने पर भी दरगाह परिसर में प्रशंसकों के बीच खासा उत्साह देखने को मिला।