ग्रेटर नोएडा

इतनी जोर से चिल्लाया स्टाफ, एसी चैम्बर में चीफ मैनेजर के छूटे पसीने

रोडवेज कर्मचारियों का मामला। दो महीने से सैलेरी नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने उठाया चीफ मैनेजर के सामने यह कदम।

less than 1 minute read
Feature image

पिछले दो माह से बिना वेतन काम कर रहे राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के कर्मचारियों ने अजमेर आगार के मुख्य प्रबन्धक तथा प्रबन्धक वित्त का घेराव कर नारेबाजी की।

राजस्थान परिवहन निगम संयुक्त कर्मचारी फैडरेशन (बीएमएस) व इंटक यूनियन के संयुक्त मोर्चा के तत्वावधान में कर्मचारियों ने वेतन समय पर देने की मांग को लेकर बस स्टैंड पर प्रदर्शन भी किया।

कर्मचारियों का कहना था कि जिनकी बैंक ऋण की कटौती प्रतिमाह वेतन से की जाती है वह राशि समय पर बैंक खाते में जमा नहीं होने से कर्मचारियों को पेनल्टी व अतिरिक्त राशि चुकानी पड़ रही है।

बच्चों की स्कूल व ट्यूशन फीस, घर का सामान लाने में परेशानी हो रही है। कर्मचारियों की मांग को लेकर प्रबन्धक ने मुख्यालय के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया। इस पर प्रबन्धन ने उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया।

संयुक्त मोर्चे में कर्मचारी नेता भोलानाथ आचार्य, बहादुर सिंह राठौड़, आनन्द सिंह नियाल, प्रताप वर्मा, नरेन्द्र कुमार पारीक, अशोक भारद्वाज सहित कई कर्मचारी शामिल हुए।

20 कर्मचारियों ने थामा बीएमएस का दामन

केन्द्रीय कार्यशाला माखूपुरा में 20 कर्मचारियों ने दूसरी यूनियन छोड़ बीएमएस का दामन थामते हुए सदस्यता ग्रहण कर ली। कार्यशाला शाखा अध्यक्ष धर्मेन्द्र शर्मा तथा सचिव लक्ष्मीकांत ने नए सदस्यों का अभिनन्दन किया।

Published on:
05 May 2017 05:36 am