अजमेर

एक घंटे पहले पहुंचना होगा सेंटर पर, वरना नहीं दे पाएंगे आरपीएससी की यह परीक्षा

केंद्रों के आसपास इन्टरनेट कियोस्क, ई-मित्र अथवा निजी कॉलेज और मकानों पर भी निगरानी रहेगी।
2 min read
• •
Updated: 19 Apr 2018, 8:00 AM IST
rpsc online computer exam
rpsc online computer exam

राजस्थान लोक सेवा आयोग ने खान एवं भू-विज्ञान विभाग, नगर नियोजन विभाग एवं कृषि के विभिन्न पदों की भर्ती के लिए होने वाली ऑनलाइन संवीक्षा परीक्षा के तहत अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए हैं। अभ्यर्थियों को एक घंटे पहले परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना जरूरी होगा।

उप सचिव सुशील चंद जैन के अनुसार 23 अप्रेल को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक केमिस्ट (खान एवं भू-विज्ञान विभाग) स्क्रीनिंग टेस्ट-2015 और टाउन प्लानिंग असिस्टेंट (नगर नियोजन विभाग)-2015 की ऑनलाइन संवीक्षा परीक्षा होगी।

इसी दिन दोपहर 2 से 4 अपराह्न बजे तक कृषि अनुसंधान अधिकारी-उद्यानिकी (कृषि विभाग) स्क्रीनिंग टेस्ट-2015 का आयोजन होगा। 24 अप्रेल को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे भू-गर्भशास्त्र (खान एवं भू विज्ञान विभाग) स्क्रीनिंग टेस्ट 2015 और दोपहर 2 से 4 बजे तक सांख्यिकी अधिकारी (कृषि विभाग) स्क्रीनिंग टेस्ट-2015 का आयोजन होगा।

इसी तरह 25 अप्रेल को सहायक कषि अधिकारी (टीएसपी क्षेत्र) कृषि विभाग स्क्रीनिंग टेस्ट-2015 का प्रथम पेपर सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पेपर दोपहर 2 से 4 बजे तक होगा। जबकि 29 अप्रेल को सुबह 10 से 12 बजे तक सहायक कृषि अधिकारी (कृषि विभाग) का प्रथम पेपर और दोपहर 2 से 4 बजे तक द्वितीय पेपर होगा। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिए गए गए हैं। उन्हें एक पासपोर्ट साइज फोटो, मूल फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा।

परीक्षा केंद्रों पर होगी सख्ती
आरपीएससी की ऑनलाइन परीक्षा को देखते हुए कड़ी सख्ती बरती जाएगी। पिछले फरवरी-मार्च में जिस तरह पुलिस कांस्टेबल ऑनलाइन परीक्षा में हाइटेक फर्जीवाड़े हुए उसको देखते हुए आरपीएससी काफी सतर्क है। परीक्षा से पहले दो-तीन बार सभी कम्प्यूटर की जांच की जाएगी।

इसके अलावा केंद्रों के आसपास इन्टरनेट कियोस्क, ई-मित्र अथवा निजी कॉलेज और मकानों पर भी निगरानी रहेगी। सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। आयोग ने पुलिस महानिदेशक को भी अतिरिक्त इंतजाम करने को कहा है। ताकि किसी सूरत में हैकर्स के मंसूबे सफल नहीं हो पाएं। पुख्ता सुरक्षा बंदोबस्त के लिए आईटी विशेषज्ञों की सेवाएं भी ली जाएंगी।

Published on: