
अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग आरएएस एवं अधीनस्थ प्रतियोगी (प्रारंभिक) परीक्षा-2026 की तैयारी में जुटा है।आवंटित परीक्षा जिला की जानकारी रविवार को अपलोड की गई। अभ्यर्थी एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन कर परीक्षा जिले की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
आयोग सचिव के अनुसार आरएएस प्रारंभिक परीक्षा का आयोजन 6 दिसम्बर को दोपहर 12 से 3 बजे तक किया जाएगा। अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र 3 दिसम्बर को अपलोड किए जाएंगे। प्रवेश पत्र आयोग की वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे। परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल अथवा अन्य संलिप्तता पर राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम के अध्युपाय) अधिनियम, 2022 के तहत आजीवन कारावास, 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने से दण्डित एवं चल अचल संपत्ति कुर्क की जाएगी।
आरएएस परीक्षा सबसे अहम
आरएएस प्रारंभिक परीक्षा-2026 में सर्वाधिक 5 लाख 08 हजार 885 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा का आयोजन 6 दिसम्बर को होगा। यह आयोग की सबसे प्रतिष्ठित परीक्षाओं में शामिल है परीक्षा केंद्रों से लेकर सुरक्षा तक की चाक-चौबंद व्यवस्थाएं रहेंगी। इससे पहले सितम्बर में उप निरीक्षक पुनः परीक्षा-2021 के 859 पदों के लिए 2 लाख 18 हजार 131 अभ्यर्थी परीक्षा में बैठे थे।
आरपीएससी: नई भर्तियों के बिना 2027 का परीक्षा कैलेंडर बनना मुश्किल
यूपीएससी की तर्ज पर राजस्थान लोक सेवा आयोग की परीक्षाएं सालाना कैलेंडर के अनुरूप कराने की मंशा पर पानी फिरता दिख रहा है। साल 2027 में आयोग मात्र आरएएस मेंस परीक्षा कराएगा। इसके अलावा 11 माह तक कोई परीक्षा नहीं है। नई भर्तियां में देरी के चलते इस बार कैलेंडर बनना भी मुश्किल है।
आयोग ने बीते वर्ष दिसम्बर में साल 2026 की 12 हजार 143 पदों की भर्ती परीक्षाओं का कैलेंडर जारी किया था। अब तक डिप्टी कमांडेंट और लेक्चरर आयुष, कनिष्ठ रसायनज्ञ, सहायक विद्युत निरीक्षक सहायक अभियंता संयुक्त भर्ती (मुख्य) परीक्षा, सब इंस्पेक्टर/प्लाटून कमांडर-2025, सब इंस्पेक्टर भर्ती पुन: परीक्षा-2021, सहायक अभियोजन अधिकारी (प्रा.) परीक्षा, कारखाना एवं बॉयलर और केमिकल निरीक्षक, पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक कृषि अभियंता और प्राध्यापक, प्राध्यापक कृषि एवं कोच (माध्यमिक शिक्षा विभाग) वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा (माध्यमिक शिक्षा), सहायक निदेशक, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी प्रतियोगी परीक्षा, एवं वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी, कनिष्ठ विधि अधिकारी और संरक्षण अधिकारी परीक्षा का आयोजन हो चुका है।
2028 से पहले अफसर मिलने मुश्किल
आरएएस 2026 की प्रारंभिक परीक्षा के बाद साल 2027 में 1 और 2 मई को आरएएस मेंस परीक्षा का आयोजन होगा। इसके बाद 607 पदों के लिए करीब तीन से चार माह तक साक्षात्कार चलेंगे। 2028 तक ही राज्य सरकार को नए अफसर मिल सकेंगे।
लंबा चलता है प्रोसेस2013 से 2024 तक की आरएएस प्री और मेंस परीक्षा के बाद इंटरव्यू में 4 से 8 माह देरी हो रही है। औसतन सभी भर्तियों में 20 से 25 माह लग रहे हैं।
पिछली भर्तियों यों हुई देरी
आरएएस 2012-स्केलिंग के फार्मूले के कारण विवादों में रही। मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा
आरएएस 2013-परीक्षा नए पैटर्न और बगैर स्केलिंग फार्मूले के हुई। पेपर लीक के चलते परीक्षा निरस्त हुई। 2017 में प्रक्रिया पूरी हुई।
आरएएस 2016- प्री. परीक्षा स्तर पर 15 गुणा से अधिक सफल अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा से बाहर रखने का मामला हाईकोर्ट पहुंचा। सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी तक लगानी पड़ी।
आरएएस 2018-हाईकोर्ट की सिंगल बैंच ने आरएएस प्री परीक्षा-2018 के प्रश्न संख्या 11 और 22 को हटाने और नए सिरे से परिणाम जारी के आदेश दिए। हाईकोर्ट खंडपीठ के आदेश पर 25 और 26 जून 2019 को मेंस परीक्षा हुई। प्रारंभिक परीक्षा की कट ऑफ को लेकर याचिकाएं लगीं। 9 जुलाई 2020 को मेंस परीक्षा परिणाम जारी हुआ।
आरएएस 2021-प्रारंभिक परीक्षा में 21 प्रश्नों को लेकर हाईकोर्ट में याचिका लगी। आयोग को मेंस परीक्षा की तिथि खसकानी पड़ी थी।
आरएएस 2023-परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने के लिए आंदोलन चला। मेंस परीक्षा 20 और 21 जुलाई 2024 को परीक्षा करानी पड़ी
15 साल में हुई आरएएस परीक्षा
आरएएस 2011
आरएएस 2013
आरएएस 2016
आरएएस 2018
आरएएस 2021
आरएएस 2023
आरएएस 2024
आरएएस 2026
मिली मात्र 1102 पदों की भर्तियां
जनवरी से जुलाई 2026 तक आयोग को मात्र 1102 पदों की भर्ती मिली है। इनमें आरएएस एवं अधीनस्थ सेवा, प्राध्यापक विशेष शिक्षा, वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी, सहायक अभियोजन अधिकारी भर्ती शामिल है। फिजियोथेरेपिस्ट भर्ती का विज्ञापन तकनीकी कारणों से वापस लिया गया है।
कैसे बनेगा 2027 का कैलेंडर
यूपीएससी की तरह आरपीएससी प्रतिवर्ष दिसम्बर में परीक्षा कैलेंडर जारी करता है। इसके अनुरूप भर्ती परीक्षाएं होती हैं। पिछले चार साल में ऐसा पहली बार है जबकि आयोग नई भर्तियों के अभाव में वार्षिक कैलेंडर जारी करने की स्थिति में नहीं है।
1.25 लाख भर्तियों का हुआ है ऐलान
राज्य सरकार ने 2026-27 के बजट में 1.25 लाख भर्तियों का ऐलान किया है। इनमें से आयोग को नाममात्र की भर्तियां ही मिली हैं। यह भर्तियां पिछले दस साल में मिली भर्तियों में सबसे कम हैं। लाखों अभ्यर्थियों को नई भर्तियों का इंतजार है। 2027 में नई भर्तियां समय पर नहीं मिली तो कई अभ्यर्थियों के ओवरएज होने का खतरा बढ़ेगा।
पढ़ें यह खबर भी: सोकलिया-अरवड़ में फिर सुनाई दे सकता है गोडावण का कलरव
दिसम्बर में परीक्षाएं (आयोग के अनुसार)
आरएएस-प्रारंभिक परीक्षा 607 पद : 6 दिसम्बर
प्राध्यापक विशेष शिक्षा (मा. शिक्षा) 121 पद : 8 दिसम्बर
सहायक अभियोजन अधिकारी (मुख्य परीक्षा) 371 पद : 27 दिसम्बर
2027 में मात्र एक परीक्षा
आरएएस मेंस परीक्षा-2026: 1 और 2 मई