
नई व्यवस्था में सॉफ्टवेयर में ऐसी ऑनलाइन व्यवस्था की गई है कि संबंधित जमीन, मकान या दुकान का मौके पर जाकर ही फोटो अपलोड करना होगा। इसके बाद ही दस्तावेज पंजीकृत के लिए आवेदन हो सकेंगे। यदि मौके की जियो-टैग फोटो अपलोड नहीं हुई, तो सॉफ्टवेयर दस्तावेज को एक्सेप्ट ही नहीं करेगा। अजमेर में सफलता मिलने के बाद पूरे प्रदेश में इस नई व्यवस्था को लागू किया जाएगा।
अब तक रजिस्ट्री के लिए कहीं से भी ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था थी। ज्यादातर काम कागजों पर हो जाते थे। मौके पर गए बिना ही पुरानी फोटो, पुराना नक्शा और मनमाना विवरण लगाकर रजिस्ट्री करा ली जाती थी। इससे खाली प्लॉट को बना हुआ मकान दिखाकर ऑनलाइन आवेदन कर दिया जाता था। कृषि भूमि को आवासीय बताकर और कम कीमत दिखाकर स्टाम्प ड्यूटी की चोरी की संभावनाएं भी बनी रहती थीं। कई बार विवादित और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर भी रजिस्ट्री हो जाती थी।
पंजीयन के लिए नीति पत्र लेखक/व्यक्ति को अब आवश्यक रूप से पहले संबंधित मौके पर जाना होगा। उसी जगह खड़े होकर जीपीएस लोकेशन के साथ फोटो खींचनी होगी। ये फोटो सीधे सॉफ्टवेयर में अपलोड होगी। इसमें लोकेशन, समय और तारीख स्वत: दर्ज हो जाएगी। फोटो अपलोड हुए बिना दस्तावेज आगे नहीं बढ़ेगा। इसमें फोटो भी वहीं से आ सकेगी, जहां संबंधित जमीन है।
इनका कहना है... रजिस्ट्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कदम उठाया गया है। कई मामलों में पुरानी फोटो या अनिवार्य नहीं होने से बिना फोटो के रजिस्ट्री और स्टाम्प ड्यूटी चोरी होना सामने आया है। अब सॉफ्टवेयर में नई व्यवस्था की गई है, जो जियो टैगिंग से जोड़ी गई है। मौका निरीक्षण करने में भी आसानी रहेगी। यह व्यवस्था फिलहाल अजमेर के दोनों उप पंजीयक कार्यालयों में होने वाली रजिस्ट्रेशन व्यवस्था में की गई है। इसे पूरे प्रदेश में लागू किया जाएगा।
- शरद मेहरा, महानिरीक्षक, पंजीयन एवं मुद्रांक विभा
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
28 Nov 2026, 9:22 AM IST
Published on:
28 Nov 2026, 9:22 AM IST
बड़ी खबरें
View Allअजमेर
राजस्थान न्यूज़




