अजमेर

लाखों अभ्यर्थियों के लिए खबर, रेलवे फिर से जारी करेगा ये परिणाम

www.patrika.com/rajasthan-news
2 min read
Nov 24, 2018
rrb result
RRB declare new result

अजमेर. सहायक लोको पायलट और तकनीशियन वर्ग के लिए प्रारंभिक लिखित परीक्षा का परिणाम नए सिरे से जारी किया जाएगा। रेलवे ने पिछले सप्ताह इस परीक्षा का परिणाम जारी करते हुए मुख्य लिखित परीक्षाओं की तिथियां भी तय कर दी थी।

परिणाम जारी होते ही अंतिम उत्तर कुंजी के सवालों और जवाबों पर अनेक अभ्यर्थियों के एतराज और जांच में सही पाए जाने के बाद अब रेलवे ने इस परिणाम को नए सिरे जारी करने का फैसला किया है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने मुख्य लिखित परीक्षाओं की तिथियां भी आगे बढ़ाकर 24 दिसम्बर कर दी है।

रेलवे में सहायक लोको पायलट के 27 हजार 795 और तकनीशियन वर्ग के 36 हजार 576 पद के लिए लगभग 47 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। प्रारंभिक लिखित परीक्षा में लगभग 38 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। इस परीक्षा का परिणाम दो नवम्बर को जारी कर दिया गया। रेलवे ने परिणाम के साथ ही अंतिम उत्तरकुंजी भी जारी की थी।

सही पाई गई आपत्तियां
दो नवम्बर को जारी अंतिम उत्तरकुंजी पर देश भर में अभ्यर्थियों ने रेलवे भर्ती बोर्ड के समक्ष शिकायतें दर्ज कराई। आपत्तियों की तादाद को लेकर मुख्य भर्ती बोर्ड ने भी मामले को गंभीरता से लिया और प्रश्नों व उत्तर कुंजी में दिए जवाबों की जांच कराई। जांच मेंं अधिकांश शिकायतें सही पाई गई। इसके बाद मुख्य रेलवे भर्ती बोर्ड ने पूर्व में जारी परिणाम को संशोधित करने का ऐलान किया है।

बड़ी संख्या में अभ्यर्थी होंगे प्रभावित
नए सिरे से जारी होने वाले परिणाम की वजह से पूर्व में चयनित अनेक अभ्यर्थियों का परिणाम प्रभावित हो सकता है । कट ऑफ माक्र्स में महज एक दो अंक से पिछड़ गए की अभ्यर्थियों को उत्तरकुंजी में संशोधन की वजह से मुख्य लिखित परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा वहीं जो अभ्यर्थी पूर्व परिणाम में चयनित हो चुके है उनमें से भी अधिकांश मुख्य सूची से बाहर हो सकते हैं।

12 की बजाय 24 दिसम्बर से परीक्षाएं
नए परिणाम जारी होने में लगने वाले समय की वजह से अब रेलवे भर्ती बोर्ड ने मुख्य लिखित परीक्षाओं की तिथियां 24 दिसम्बर से तय की है। पूर्व में यह परीक्षाएं 12 से 14 दिसम्बर तक ली जानी वाली थी।

देश भर के रेलवे भर्ती बोर्ड को मिली आपत्तियों की जांच की गई। इनमें से काफी सही पाई गई है। अभ्यर्थियों के कॅरियर और भर्ती बोर्ड में पारदर्शिता के मद्देनजर अब पूर्व में जारी परिणाम को संशोधित किया जाएगा। संभव है इसकी वजह से अनेक अभ्यर्थियों का परिणाम बदल जाएगा। मुख्य लिखित परीक्षाओं की तिथियां भी आगे खिसका दी गई है।

-आलोक कुमार मिश्र, अध्यक्ष, रेलवे भर्ती बोर्ड अजमेर

Published on:
24 Nov 2018 09:52 am