www.patrika.com/ajmer-news
अजमेर. मैदानी इलाके में रहने वाले अजमेर के राजीव काजोत सहित चार धावकों ने अत्यधिक ऊंचाई वाली लद्दाख मैराथन में प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद गजब का जज्बा दिखाया है। उन्होने देश के अनेक धावकों के बीच खास मुकाम हासिल किया है। लंबी दूरी के 44 वर्षीय धावक राजीव ने लद्दाख के 11070 फुट की ऊंचाई पर आयोजित देश की सबसे कठिनतम इस मैराथन की 21.097 किमी की दूरी महज 2 घंटे 27 मिनट में पूरी कर परचम लहराया।
अत्यधिक ऊंचाई पर स्थित होने के कारण यहां ऑक्सीजन की हमेशा कमी रहती है जो दौडऩे के लिए विकट परिस्थिति पैदा करती है। मैदानी इलाकों से आने वाले धावकों के लिए हजारों फीट ऊंचाई पर होने वाली यह मैराथन आसान नहीं होती। इसके बावजूद उन्होने विकट परिस्थितियों का सामना करने करते हुए पहाड़ी इलाकों के अभ्यस्त अपेक्षाकृत युवा धावकों को पछाड़ दिया। खास बात यह है कि राजीव सहित अजमेर के चार धावकों ने इस मैराथन में पहली बार हिस्सा लिया और अपनी अलग छाप छोड़ी।
सहकारिता विभाग में सहायक रजिस्ट्रार पद पर कार्यरत राजीव के अलावा अजमेर के ही मनीष ने 21.097 किलोमीटर यह कठिन दौड़ 2 घंटे 31 मिनट में और संजय ने 2 घंटे 35 मिनट में पूरी की। इसके अलावा रोहित वाही और मीता ने 7 किमी की दौड़ लगभग एक घंटे में पूरी कर शानदार मिसाल पेश की। मैराथन में खास मुकाम हासिल करने के बाद अजमेर पहुंचे राजीव का अजमेर रनर्स के सदस्यों गिरवर शर्मा, श्याम बंसल, संदीप तंवर, ललित लोढ़ा ने अभिनंदन किया।
युवाओं के लिए नई मिसाल
राजीव कजोत ने 44 वर्ष की उम्र में लंबी दूरी की मैराथन में भाग लेकर युवाओं के लिए नई मिसाल पेश की। वे अब तक देश के विभिन्न शहरों में कई हाफ मैराथन में भाग ले चुके हैं और 9 हाफ मैराथन पूरी कर मेडल्स जीते हैं। वे अब फुल मैराथन में भाग लेने की तैयारी कर रहे है। है।