अजमेर

Rajasthan ka Ran : बोले शाहनवाज हुसैन, कांग्रेस का जादू कहीं नहीं चलेगा हर जगह सिर्फ कमल खिलेगा

www.patrika.com/ajmer-news
2 min read
• •
Updated: 27 Nov 2018, 11:46 AM IST
shahnawaz Hussein commented on rahul gandhi
बोले शाहनवाज हुसैन, तराजू में गुटबाजी को बैलेंस कर रहे हैं राहुल गांधी


अजमेर. भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कहा कांग्रेस में चल रही गुटबाजी को राहुल गांधी तराजू में बैलेंस कर रहे हैं। एक तरफ अशोक गहलोत तो दूसरी ओर सचिन पायलट को लेकर चल रहे हैं जबकि दोनों में राइट एवं लेफ्ट की लड़ाई चल रही है। अगर गहलोत खुद को जादूगर बताते हैं तो पहले टोंक से सचिन पायलट को जिताने की गारंटी दें। गहलोत का जादू कहीं नहीं चलेगा, टोंक में भी कमल खिलेगा।

अजमेर में दरगाह जियारत के बाद पत्रकारों से बातचीत में शाहनवाज ने कहा कि जब से चुनाव का ऐलान हुआ है कांग्रेस अपने पक्ष में माहौल बता रही थी मगर उम्मीदवार तय होते-होते हार गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 55 सालों में जो नहीं किया वह मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पांच साल में कर दिखाया। कहीं भी अंधेरा नहीं है। अंधेरा गायब तो कांग्रेस गायब। उन्होंने कहा कांग्रेस राज में बिजली आती कम जाती ज्यादा थी, भाजपा के दौर में जाती ही नहीं है।

शाहनवाज ने दावा किया कि प्रदेश में भाजपा बहुमत प्राप्त करेगी और दरगाह के आसपास कमल का फूल खिलेगा। शाहनवाज ने कहा कि सरकार बनाने में अजमेर की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने अजमेर की शत-प्रतिशत सीटें जीतने का दावा किया है। राममंदिर के सवाल पर उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में मामला विचाराधीन है।

कांग्रेस मोदी के मां-पिता पर हमलावर

शाहनवाज ने कहा कि कोई मुद्दा नहीं होने से हताश-निराश कांग्रेस इतनी गिर गई है कि प्रधानमंत्री के मां-पिता पर हमला बोल रही है जबकि वे राजनीति में भी नहीं है। नेहरू, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी, नरसिम्हा राव आदि पर जीप से लोगों को मरवाने, बोफोर्स कांड, अयोध्या में दंगा करवाने जैसे संगीन आरोप हैं।

चुनाव में राहुल को याद आता है मजहब और धर्म


राहुल की अजमेर-पुष्कर यात्रा पर शाहनवाज ने कहा कि जब भी चुनाव आते हैं राहुल को मजहब और धर्म याद आता है। कभी हिन्दू आतंकवाद की बात करते हैं तो कभी धार्मिक यात्राएं करते हैं। प्रधानमंत्री मोदी भले ही हिन्दू धर्म को मानते हों मगर सबका साथ सबका विकास के साथ काम कर रहे हैं। राजस्थान में भाजपा से एक मात्र मुस्लिम प्रत्याशी यूनुस खान को ही टिकट देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस ने भी सिर्फ दो मुस्लिम प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारा है। भाजपा प्रत्याशी व मजबूत प्रत्याशी को टिकट देती है।

Published on: