अजमेर

महिलाएं बदलेंगी नाहरपुरा गांव की तस्वीर

www.patrika.com/rajasthan_news सामाजिक बदलाव : महिलाओं ने की शराब का ठेका हटवाने की मांग, आबकारी निरीक्षक ने दिया आश्वासन

2 min read
Apr 02, 2019
महिलाएं बदलेंगी नाहरपुरा गांव की तस्वीर

मनीष कुमार सिंह

अजमेर. शराब सेहत ही नहीं परिवार की आर्थिक स्थिति के लिए भी खराब है। यह बात मायापुर ग्राम पंचायत के नाहरपुरा गांव की महिलाओं की समझ में आ चुकी है। उन्होंने सामूहिक फैसला लेते हुए गांव में पूरी तरह से शराब पर रोक लगाने का फैसला कर लिया है। सोमवार दोपहर सैकड़ों महिला-पुरुषों के साथ जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय पहुंची। ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए गांव में शराब का ठेका खोलने का विरोध किया।
मायापुर उप सरपंच सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में नाहरपुरा की सैकड़ों महिलाएं बस से अजमेर पहुंची। महिलाओं के फैसले के समर्थन में युवा-पुरुष भी साथ आए। महिलाओं ने आबकारी निरीक्षक अजमेर (ग्रामीण) विकास शर्मा को ज्ञापन दिया। इसमें बताया कि आबकारी विभाग की ओर से आवंटित शराब का ठेका नाहरपुरा में खोला गया है जिसको अन्यत्र स्थान पर लगाया जाए। पूर्व में भी उन्होंने आबकारी विभाग को ठेका नहीं लगाने की बात कही थी, लेकिन ठेकेदार शराब की दुकान लगाने पर आमादा है। उन्होंने ठेका नाहरपुरा की सीमा से दूर लगवाने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।

न दुकान देंगे न स्थान

महिलाओं ने निरीक्षक शर्मा को चेताया कि नाहरपुरा में शराब के ठेके के लिए न तो दुकान दी जाएगी न ही जगह। इसके बाद भी शराब का ठेका खुला तो ग्रामीण महिलाएं उग्र आंदोलन करेंगी। शर्मा ने समझाइश करते हुए विश्वास दिलवाया कि शराब का ठेका नाहरपुरा गांव की सीमा में नहीं लगेगा।

कई परिवार उजड़े
बसंती देवी ने बताया कि गांव में शराब का ठेका नहीं चाहिए। शराब ने कई परिवार को उजाड़ दिया। गांव की महिलाएं और बच्चे आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। परिवार का मुखिया जो कुछ कमाकर लाता है वह गांव की सरहद में मौजूद ठेके पर उड़ा देता है।

जेवर तक रख देते हैं गिरवी

पप्पू देवी ने बताया कि गांव की कई महिलाएं घरेलू यातनाओं का शिकार हैं। सारी कमाई शराब पर खर्च करने के बाद महिलाओं के गहने और उनकी मजदूरी भी ठेके पर खर्च हो रही है। रुपए नहीं देने पर महिलाओं के जेवर तक ठेके पर गिरवी पड़े हैं।

इनका कहना है...
नाहरपुरा गांव की महिलाओं ने शराब का ठेका हटाने की मांग की है। आलाधिकारियों को महिलाओं की मंशा से अवगत करवाते हुए शराब के ठेके को अन्यत्र स्थान पर स्थानान्तरित कराया जाएगा।

विकास शर्मा, आबकारी निरीक्षक, अजमेर (ग्रामीण)

Published on:
02 Apr 2019 12:50 am
Also Read
View All