
अजमेर/मदनगंज-किशनगढ़. नगर में चल रहे वैध टैम्पो और ऑटो पर परिवहन विभाग की ओर से अब चुनाव के बाद ही स्टीकर लगाए जाएंगे। स्टीकर लगने से वैध और अवैध रूप से संचालित टैम्पो की जानकारी मिल सकेगी।
बेतरतीब यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए नगर में संचालित अवैध टैम्पो और ऑटो पर रोक लगाने की मांग समय-समय पर उठाई जाती रही है। इस पर परिवहन विभाग ने वैध टैम्पो और ऑटो पर स्टीकर लगाने की बात कही थी। इससे वैध टैम्पो और ऑटो चालकों को बार-बार जांच से गुजरना नहीं पड़ेगा। परिवहन विभाग ने स्टीकर छपवा भी लिए, लेकिन मार्च क्लोजिंग के चलते उन्हें नहीं लगाया जा सका। इसके बाद लोकसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते परिवहन विभाग भी चुनाव में व्यस्त हो गया है। इस कारण अब टैम्पो पर स्टीकर आदि लगाने का काम चुनाव के बाद ही संभव होता दिखाई दे रहा है। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सडक़ सुरक्षा सप्ताह के तहत वैध टैम्पो की पहचान के लिए यह निर्णय लिया था।
650 से अधिक संचालित है टैम्पो व ऑटो
नगर में 650 से अधिक टैम्पो एवं ऑटो संचालित हैं। इसमें से मात्र 349 टैम्पो के पास ही परमिट है। इसके अलावा संचालित होने वाले सभी टैम्पो और ऑटो अवैध रूप से चल रहे हैं। इस कारण रोड पर जाम के हालात बने रहते हैं।
अजमेर में भी हुआ था प्रयोग
अजमेर में भी स्टेशन रोड, शास्त्री नगर, वैशाली नगर, गुलाबबाड़ी, मदार और अन्य क्षेत्रों में टेम्पो संचालित हैं। यातायात विभाग ने टेम्पो पर स्टीकर लगाए थे ।