
अजमेर.
प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षक प्रशिक्षण, टीचर्स ट्रेनिंग को विश्वस्तरीय मानदंडों पर विकसित किए जाने के लिए राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (आरएससीईआरटी) का गठन किया गया है। मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार की ओर से जारी गाइड लाइन के अनुसार गठित यह परिषद् राज्य में एकेडमिक थिंक टैंक के रूप में शिक्षण, प्रशिक्षण और शोध के कार्य करेगी।
शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने बताया कि राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान उदयपुर (एसआईईआरटी) के स्थान पर पुनर्गठित राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद्, आरएससीईआरटी राज्य में समस्त प्रकार के शिक्षक प्रशिक्षण के लिए नोडल एजेन्सी के रूप में कार्य करेगी।
मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे की पहल पर गठित यह परिषद प्रदेश में प्री-प्राइमरी से सीनियर सैकण्डरी और जिला शिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों, डाइट्स के पाठ्यक्रम निर्माण के साथ ही शिक्षक प्रशिक्षण के सतत् मूल्यंाकन और शिक्षण में शोध को बढ़ावा देने का भी कार्य करेगी।
उन्होंने बताया कि राजस्थान की शिक्षा नीति को राष्ट्रीय शिक्षा नीति के समानान्तर विकसित किए जाने के अंतर्गत आरएससीईआरटी शिक्षण के जरिए युवाओं की क्षमता विकास का कार्य भी करेगी। इससे शिक्षकों को राष्ट्रीय स्तर की शिक्षण प्रशिक्षण गतिविधियों से जोड़े जाने के साथ ही भारत सरकार से सीधे समन्वय करते हुए प्रदेश में शिक्षक प्रशिक्षण में नवाचारों के लिए भी विशेष रूप से कार्य करेगी।
करना होगा दोबारा ऑनलाइन आवेदन..
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने पुलिस उप निरीक्षक/प्लाटून कमांड भर्ती-2016 के तहत एसएसओ-आईडी से नए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। अभ्यर्थी 27 अगस्त से 10 सितम्बर तक आवेदन कर सकेंगे।
सचिव पी. सी. बेरवाल ने बताया कि आयोग ने उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर के पदों की भर्ती परीक्षा-2016-17 के तहत 7 अक्टूबर से 6 नवम्बर 2016 तक आयोग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। जिन अभ्यर्थियों ने पूर्व में राजस्थान लोक सेवा अयोग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किए थे, उन्हें अब एसएसओ आईडी रिक्रूटमेंट पोर्टल के माध्यम से फिर से नवीन ऑनलाइन आवेदन करने होंगे।
अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध ऑनलाइन लिंक का चयन या सीधे एसएसओ पोर्टल पर लॉगिन करना रिक्रूटमेंट पोर्टल सर्विस का चयन करना होगा। ऐसे अभ्यर्थी अपने पुराने प्रार्थना पत्र आईडी के माध्यम से नवीन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए एसएसओ आईडी जरूरी होगी। आवेदन पत्र में ऑनलाइन संशोधन 11 से 17 सितम्बर तक किया जा सकेगा। इसके बाद लिंक निष्क्रिय हो जाएगा। आयोग ने 3 अप्रेल एवं 25 जुलाई 2018 को शुद्धि पत्र के तहत भी ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। इन शुद्धि पत्रों के तहत आवेदित नए अभ्यर्थियों को पुन: आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है।