अजमेर

लम्बित भूमि संबंधी प्रकरणों के निस्तारण में गति लाएं

प्रभारी शासन सचिव ने की विकास कार्यों की समीक्षा

2 min read
Oct 31, 2019
ajmer,ajmer,ajmer

अजमेर. जिले के प्रभारी शासन सचिव हेमन्त कुमार गेरा hemant kumar gera ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में विभिन्न विभागों के लम्बित विकास कार्यों तथा भूमि संबंधी प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने विभिन्न फ्लाईओवर निर्माण में भूमि संबंधी अवरोधों की समीक्षा कर उनके निस्तारण को जरूरी बताया। गेरा ने कहा कि भूमि के चलते कोई प्रोजेक्ट विलम्ब नहीं होना चाहिए। गेरा ने चिकित्सा विभाग के खातौली,चीता खेड़ा तथा कैरियाकलां के स्वास्थ केन्द्रों के लिए भूमि आवंटन की समीक्षा भी की। उन्होंने खातौली में पूर्व में संचालित भवन का सार्वजनिक निर्माण विभाग से एसेसमेंट कराने तथा पंचायत में खाली पड़े भवनों में से आवंटन करने के लिए जिला कलक्टर से कहा। ऊंटड़ा एवं तारागढ़ के लिए भूमि आवंटन के प्रस्ताव एडीए में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक में आयुर्वेद के ६, मेडिकल के ५, आरएसआरडीसी के ३ तथा पीडब्ल्यूडी के २ प्रोजेक्ट पर चर्चा हुई।

बजट घोषणाओं को करें पूरा

प्रभारी सचिव गेरा ने जिला कलक्टर को निर्देशित किया कि वे सीएमआईएस पोर्टल पर मुख्यमंत्री की बजट घोषणाओं के प्रकरणों में स्वयं देखकर भू-आवंटन कर मामले निस्तारित करें। विद्युत प्रसारण निगम के लिए पीपलाज में भूमि का चयन कर लिया गया है। वहीं सरवाड़ में उपखंड अधिकारी सरवाड़ को भू-आवंटन संबंधी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में अजमेर के राजकीय महाविद्यालय में पानी स्टोरेज टैंक के लिए भूमि आवंटन पर भी चर्चा हुई। कौशल विकास केन्द्र के लिए प्रस्ताव एडीए को भिजवाया गया है। वन स्टोप सेंटर के प्रस्ताव एडीए को भिजवाने के निर्देश भी दिए गए।

आयुर्वेद निदेशक तलब

प्रभारी सचिव की बैठक में आयुर्वेद विभाग से कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं पहुंचा। इस पर प्रभारी सचिव ने नाराजगी जताते हुए आयुर्वेद निदेशक सीमा शर्मा को तलब किया। सचिव ने कहा कि एेसा लगता है कि आयुर्वेद विभाग को किसी जमीन की आवश्यकता नहीं है। यदि एेसा है तो सरकार को रिपोर्ट भेजी जाएगी। उन्होंने आयुर्वेद निदेशक को निर्देश दिए के उनके चिकित्सालयों के भूमि आवंटन संबंधी प्रस्तावों के संबंध में जगह का चिह्निकरण कर जिला कलक्टर को प्रस्ताव प्रस्तुत करें, ताकि उनके निस्तारण की कार्रवाई की जाए। बैठक में जिला कलक्टर विश्व मोहन शर्मा, एडीएम कैलाश चंद शर्मा, एडीए के आयुक्त गौरव अग्रवाल, नगर निगम आयुक्त चिन्मयी गोपाल, उपखंड अधिकारी डॉ. अर्तिका शुक्ला, एडीए सचिव किशोर कुमार, जिला परिषद सीईओ गजेन्द्र सिंह राठौड़ सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Published on:
31 Oct 2019 06:54 pm
Also Read
View All