www.patrika.com/rajasthan-news
अजमेर. छात्र संगठनों की चुनाव कार्यक्रम पर नजर टिकी हैं। सरकारी और निजी कॉलेज एवं महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव अगस्त में होंगे। सभी संस्थाओं में प्रवेश कार्य पूरा होने के बाद मतदाता सूची बनाई जाएंगी।
सम्राट पृथ्वीराज चौहान राजकीय महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय, दयानंद कॉलेज, संस्कृत कॉलेज, श्रमजीवी कॉलेज और महर्षि दयानंद सरस्वती विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर और स्नातक कक्षाओं में प्रवेश जारी है। इसके अलावा सोफिया और जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भी चुनाव होंगे। सभी संस्थाओं में जल्द मतदाता सूची बनना शुरू होंगी।
छात्र संगठन हुए सक्रिय
अगस्त में छात्रसंघ चुनाव प्रस्तावित होने के चलते छात्र संगठन सक्रिय हो गए हैं। एनएसयूआई और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के अलावा कई छात्र निर्दलीय भी ताल ठोकेंगे। इन्होंने विजिटिंग कार्ड और पोस्टर-पेम्पलेट छपवाए हैं। कॉलेज और विश्वविद्यालय में दाखिलों के चलते भावी उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ गई है। छात्र संगठनों की निगाहें चुनाव कार्यक्रम पर टिकी हैं। इसके अनुरूप वे प्रत्याशियों के पैनल तय करेंगे। मालूम हो इस साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। इससे पहले होने वाले छात्रसंघ चुनाव सरकार के लिए परीक्षा साबित होंगे।
लॉ कॉलेज में संकट...
कॉलेज में प्रथम वर्ष में दाखिले शुरू नहीं हुए हैं। यहां लगातार 13 वें वर्ष में द्वितीय और तृतीय तथा एलएलएम के विद्यार्थी ही चुनाव में भाग लेंगे। सोफिया कॉलेज में सिर्फ अध्यक्ष पद पर चुनाव होगा। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में दो समूहों के बीच विभिन्न पदों पर चुनाव कराया जाएगा।
संस्थाओं में विद्यार्थी (फिलहाल दाखिले जारी)
एसपीसी-जीसीए-8 हजार, एमडीएस यूनिवर्सिटी-700 हजार, राजकीय कन्या महाविद्यालय-3 हजार, सोफिया कॉलेज-2500 हजार, दयानंद कॉलेज-1200, संस्कृत कॉलेज और श्रमजीवी कॉलेज: सौ-सौ
प्राध्यापक भूगोल के नवीनतम परिणाम जारी
राजस्थान लोक सेवा आयोग ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्राध्यापक स्कूल शिक्षा प्रतियोगी परीक्षा-2015 के तहत भूगोल (छात्र एवं छात्रा संस्था) विषय के नवीनतम परिणाम और कट ऑफ माक्र्स जारी किए हैंं। सचिव पी. सी. बेरवाल ने बताया कि उच्चतम न्यायालय ने पिछले माह रिशाल और अन्य बनाम आयोग और अन्य के तहत एसएलपी में आदेश जारी किए थे।
न्यायालय द्वारा गठित विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के आधार पर संशोधित उत्तर कुंजी तैयार की गई। आयोग ने 12 जून 2017 के अतिक्रमण में प्राध्यापक स्कूल शिक्षा माध्यमिक शिक्षा विभाग प्रतियोगी परीक्षा-2015 के तहत भूगोल (छात्र संस्था)का नवीनतम परिणाम और कट ऑफ माक्र्स जारी किए हैं। इसमें 1191 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। इसी तरह भूगोल (छात्रा संस्था) के नवीनतम परिणाम में 19 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है।
सफल घोषित अभ्यर्थी वेबसाइट से विस्तृत आवेदन पत्र भरकर शैक्षिक दस्तावेजों, जाति और अन्य प्रमाण पत्रों की फोटो प्रति के साथ 30 जुलाई तक जमा करा सकेंगे। आवेदन के आधार पर आयोग इनकी पात्रता जांच करेगा। जो अभ्यर्थी पूर्व में आवेदन पत्र जमा करा चुके हैं, उन्हें दोबारा आवेदन की आवश्यकता नहीं होगी।