
अजमेर.
जोधपुर (JODHPUR) में युवक को पीटने की घटना के बाद हुए विवाद के बाद सौहार्द की नगरी अजमेर (AJMER) में भी मामला बिगड़ गया। यहां रविवार को दरगाह बाजार के व्यापारियों को दरगाह थानेदार का रोब रास नहीं आया। दुकान के बाहर वाहन खड़ा करने को लेकर एक व्यापारी से विवाद हो गया। विवाद के बाद पुलिस की ज्यादतियों से परेशान व्यापारियों ने दोपहर में बाजार बंद कर दिया। व्यापारियों ने नारेबाजी और प्रदर्शन किया।
दरगाह बाजार (AJMER )दुकान के बाहर वाहन खड़ा करने को लेकर एक व्यापारी से पुलिस के जवान का विवाद हो गया। व्यापारी किशनलाल छबलानी ने पूजा करने के बाद जाने की बात कही लेकिन पुलिस के जवान मानसिंह ने उसे ललकारते हुए तो मारने के लिए बेल्ट खोल लिया। व्यापारी का कहना था यह सबकुछ दरगाह थानेदार सुरेन्द्रसिंह के सामने घटित हुआ लेकिन थानेदार की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई। यह सबकुछ थानेदार की सह पर चल रहा है। घटना के बाद व्यापारियों ने बाजार बंद कर पुलिस के रवैये पर रोष जाहिर किया। व्यापारियों ने बाजार में प्रदर्शन किया। सूचना पर पुलिस उप अधीक्षक दरगाह भी पहुंचे लेकिन व्यापारियों ने आलाधिकारियों से बात करने पर अड़ गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक(शहर) सरिता सिंह पहुंची।
रात में टैंकर के चालान
व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस दिन ही नहीं रात में भी परेशान करती है। उनका कहना है कि रात 9 बजे बाद क्षेत्रवासी पानी के लिए टैंकर मंगवाते है लेकिन पुलिस के जवान रात 9 बजे बाद बाजार से गुजरने वाले पानी के टैंकर का चालान बना देते है। जिससे टैंकर वालों ने यहां आने से इन्कार कर दिया।
कभी नहीं हुआ ऐसा
दरगाह बाजार व्यापारिक एसोसिएशन के अध्यक्ष जोधा टेकचंदानी का कहना था कि दरगाह थाने में अब तक कई पुलिस अधिकारी आए लेकिन कभी उन्होंने व्यापारियों का नाजायज परेशान नहीं किया लेकिन पिछले दिनों दरगाह थाने में लगाए गए थानेदार सुरेन्द्र सिंह आए दिन कुछ न कुछ बात को लेकर व्यापारियों को ज्यादतियां कर रहे है। इससे व्यापारियों मे रोष व्याप्त है।