अजमेर

‘बादशाह’ की अंतिम यात्रा में लुटाई खर्ची, बीरबल ने किया पारंपरिक नृत्य

नम आंखों से दी चंद्रशेखर अग्रवाल को अंतिम विदाई, सवारी के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद हुई थी मौत

2 min read
Mar 05, 2026
बादशाह का किरदार निभाने वाले चंद्रशेखर अग्रवाल की अंतिम यात्रा में शामिल शहरवासी।

ब्यावर (Beawarnews). शहर के ऐतिहासिक बादशाह मेले में बुधवार को ‘बादशाह’ की भूमिका निभाने वाले चंद्रशेखर अग्रवाल की तबीयत बिगड़ने से मौत के बाद गुरुवार को पार्थिव देह को शाही परंपरा के साथ पंचतत्व में विलीन किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में शहरवासी शामिल हुए।

पुष्पवर्षा कर दी श्रद्धांजलि

पूरे मार्ग में लोगों ने पुष्पवर्षा कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। अंतिम यात्रा के दौरान लोगों ने पार्थिव देह पर मालाएं अर्पित कीं और शॉल ओढ़ाकर सम्मान प्रकट किया। परंपरा के अनुसार ‘बादशाह’ के साथ ‘बीरबल’ का किरदार निभाने वाले मुकेश उपाध्याय ने नृत्य कर उन्हें अंतिम विदाई दी। यात्रा के दौरान ‘बादशाह’ के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।

श्रद्धापूर्वक खर्ची ग्रहण की खर्ची

परंपरा के मुताबिक अंतिम यात्रा में खर्ची भी लुटाई गई। शुभ मानते हुए लोगों ने श्रद्धापूर्वक खर्ची ग्रहण की। शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों ने अंतिम यात्रा पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान लोगों की आंखें नम हो गईं। ‘बादशाह’ के सम्मान में शहर के कई व्यापारियों ने स्वेच्छा से प्रतिष्ठान बंद रखकर शोक प्रकट किया। उल्लेखनीय है कि बुधवार को महादेवजी की छतरी के पास सवारी के दौरान बादशाह बने चंद्रशेखर अग्रवाल की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनका निधन हो गया। इससे शहर में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रशासन और संगठनों ने दी श्रद्धांजलि

अंतिम यात्रा के दौरान जिला कलक्टर कमलराम मीणा और पुलिस अधीक्षक रतन सिंह ने पार्थिव देह पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शहर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और संस्थाओं ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। भारत माता सर्कल पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्थिव देह पर पार्टी का झंडा ओढ़ाकर श्रद्धांजलि दी। कांग्रेस के पदाधिकारी व नेता भी अंतिम यात्रा में शामिल हुए।

व्यवस्थाओं में जुटे रहे युवा

अंतिम यात्रा के दौरान युवाओं ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। बीरबल के नृत्य के दौरान भी युवाओं ने व्यवस्था संभाली। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस उपाधीक्षक राजेश कसाना, शहर थानाधिकारी आशुतोष पांडे सहित पुलिस जाप्ता तैनात रहा। शाही परंपरा के साथ दी गई इस विदाई ने पूरे शहर को भावुक कर दिया।

Published on:
05 Mar 2026 10:09 pm
Also Read
View All

अगली खबर