अजमेर

चुरा रहे थे बैग और तेल का पीपा, कुछ यूं चढ़ गए लोगों के हत्थे

www.patrika.com/rajasthan-news
less than 1 minute read
Jan 26, 2019
theft case register in ajmer
theft case register in ajmer

अजमेर. बाजार में व्यवसायी के स्कूटर से बैग चुराते और ठेले से तेल का पीपा चुराकर भाग रहे तीन जनों को राहगीरों ने दबोच कर क्लॉक टावर थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस आरोपितों को शांतिभंग में गिरफ्तार कर पूछताछ में जुटी है।

उड़ा लिया बैग

पहली वारदात बीती रात को डिग्गी चौक में पेश आई। यहां चायपत्ती व्यवसायी रमेश चेलानी स्कूटर पर घर लौट रहा था। चेलानी मंदिर के सामने स्कूटर खड़ा कर दर्शन करने लगा तभी सीसाखान निवासी मासूम अली स्कूटर से बैग उठाकर चला बना। एक राहगीर की नजर मासूम अली पर पड़ गई और उसने शोर मचाया तो आसपास के लोगों ने उसे दबोच लिया। पुलिस के गश्ती दल ने मासूम को शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया।

चुराया तेल का पीपा

दूसरी वारदात पड़ाव क्षेत्र में हुई। बाजार में ठेले से तेल का पीपा लेकर भाग रहे दो युवकों को लोगों ने दबोच लिया। जानकारी के अनुसार लामाना निवासी गोपाल गुर्जर ठेले में तेल के पीपे लदान कर जा रहा था। दुकान के सामने खड़े ठेले से मोनू उर्फ विकास कोली व वरुण आर्य मौका देखकर तेल से भरा पीपा उठाकर बाइक पर भागने लगे।

पुलिस के हवाले

गोपाल गुर्जर ने दौडकऱ उन्हें पकड़ लिया। यहां जुटी भीड़ ने उनकी पिटाई लगाने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने शांतिभंग में गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि मोनू और वरुण के खिलाफ रामगंज व आदर्शनगर थाने में मामले दर्ज हैं।

Published on:
26 Jan 2019 02:20 pm