
अजमेर। समीपवर्ती ग्राम राजगढ़ में सोमवार शाम ढलान से लुढ़की श्रद्धालुओं से भरी बस के ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित बस सड़क के किनारे बैठे लोगों को कुचलते हुए यहां बनी अस्थायी पुलिस चौकी में घुस गई। हादसे में राजगढ़ भैरवधाम दर्शन करने आए दिल्ली के बुजुर्ग समेत 3 जनों की मौत हो गई, जबकि जिला पुलिस के जवान समेत 3 जने जख्मी हो गए। घायलों को जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया, जबकि शव को मोर्चरी में रखवाया। नसीराबाद सदर थाना पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
पुलिस के अनुसार शाम करीब 4 बजे राजगढ़ भैरवधाम से श्रद्धालुओं को लेकर लौट रही हरियाणा से आई बस तकनीकी खराबी के चलते स्टार्ट नहीं हो पा रही थी। श्रद्धालुओं ने बस को स्टार्ट करने के लिए धक्का लगाया। ढलान पर लुढ़की बस के ब्रेक फेल हो गए। अनियंत्रित बस सड़क किनारे बैठे लोगों को कुचलते हुए अस्थायी पुलिस चौकी में घुस गई।
दुर्घटना में राजगढ़ खटीक मोहल्ला निवासी कमलेश कुमार उर्फ कमल (35) पुत्र मांगीलाल, टोंक के टोडारायसिंह खरेड़ा लक्ष्मीपुरा ढाणी निवासी भंवरलाल (42) पुत्र सुन्दर, दिल्ली नॉर्थ-वेस्ट बुध विहार निवासी जगदीशचन्द शर्मा (70) पुत्र नारायण शर्मा बस की चपेट में आ गए। तीनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि अलवर रेनी निवासी निशा (25) पत्नी रामअवतार मीणा व पाली डिगाना निवासी लालसिंह (65) गम्भीर रूप से घायल हो गए।
ड्यूटी पर आए हैडकांस्टेबल मोहनलाल के मामूली चोट आई। घायलों को भैरवधाम की एम्बुलेन्स से अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कमलेश, भंवरलाल व जगदीशचन्द शर्मा को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। मंगलवार सुबह परिजन के अजमेर पहुंचने पर पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।