
अजमेर। सोशल मीडिया पर 'लाइक्स' के फेर में एक युवती द्वारा आनासागर चौपाटी पर हथियार लहराते हुए स्वयं का वीडियो अपलोड करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को वीडियो वायरल होने पर पुलिस प्रशासन में हड़कम्प मच गया। वीडियो आनासागर चौपाटी पर बनाया गया है।
लड़की ने कई वीडियो अपलोड किए
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) महमूद खान ने वायरल वीडियो और युवती के हाथ में मौजूद हथियार की जांच के आदेश दिए हैं। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवती हाथ में पिस्टलनुमा हथियार लिए नजर आ रही है। युवती ने हथियार के साथ कई वीडियो अपलोड किए हैं।
युवती के पकड़े जाने के बाद सामने आएगी असलियत
एक वीडियो में वह हथियार से फायर करते हुए भी नजर आ रही है। फायर की असलियत युवती के पकड़े जाने के बाद ही सामने आ सकेगी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) महमूद खान ने बताया कि वीडियो की जांच करवाई जाएगी।
सोशल मीडिया पर अपलोड किया है तो गलत है
युवती ने हथियार के साथ वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया है तो गलत है। युवती की पहचान कर हथियार संबंधी पोस्ट की पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी। पूर्व में कई कार्रवाई हो चुकी हैं।