अजमेर

कुएं में मिला ढाई साल की मासूम और विवाहिता का शव, इलाके में फैली सनसनी

कुएं में मिला ढाई साल की मासूम और विवाहिता का शव, इलाके में फैली सनसनी
2 min read
Jul 04, 2018
कुएं में मिला शव
कुएं में मिला शव

अजमेर/गगवाना.

गेगल गांव में सोमवार रात बिना बताए अपनी ढाई साल की मासूम बेटी के साथ घर से निकली महिला व बच्ची का शव मंगलवार को घर के सामने स्थित कुएं में मिला। ससुराल पक्ष ने गुपचुप तरीके से शवों को दफनाने की तैयारी कर ली, लेकिन पीहर पक्ष से उपजे विवाद के बाद गेगल थाना पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।

दोनों का शव कुएं में मिला
पुलिस के अनुसार गेगल निवासी शमशुद्दीन की 27 वर्षीय पत्नी हसीना सोमवार रात 11 बजे घर से बिना बताए निकल गई। सुबह परिजन ने तलाश की, लेकिन उसका सुराग नहीं लग सका। ससुराल पक्ष ने हसीना के पीहर प्रतापगढ़ घाटरसी सूचना दी। सोमवार दोपहर हसीना व उसकी ढाई वर्षीय बेटी सबा का शव घर के सामने स्थित कुएं में मिला। जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। शव देखकर हर एक का दिल पसीज गया। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाल लियाा। उन्होंने पुलिस को सूचना दिए बगैर दफनाने की तैयारी कर ली, लेकिन प्रतापगढ़ से आए हसीना के भाई इकबाल ने बहन की मृत्यु के कारणों को लेकर हंगामा कर दिया। विवाद बढऩे पर गेगल थाना पुलिस पहुंची। पुलिस ने रात 9.30 बजे शव को कब्जे में लेकर जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस बुधवार को पोस्टमार्टम कराएगी।

छह साल पहले विवाह

पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि हसीना का छह साल पहले गेगल निवासी शमशुद्दीन से निकाह हुआ था। उसके ढाई साल की बेटी सबा थी। सूत्रों के मुताबिक सोमवार शाम पारिवारिक झगड़े के बाद हसीना रात 11 बजे घर से निकल गई। सुबह जब परिजन ने तलाश की तो कही सुराग नहीं लगा। दोपहर 2 बजे घर के सामने स्थित कुएं में तलाशने पर शव मिल गए।

शाम 5 बजे आई पुलिस

मृतका के पीहर व ससुराल पक्ष में विवाद होने पर शाम 5 बजे गेगल थाना पुलिस को इत्तला दी गई। सूचना मिलते ही थानाप्रभारी दिनेश चौधरी घटनास्थल पर पहुंचे। इधर महिला की संदिग्ध हालात में मृत्यु की सूचना पर सीओ राजेश वर्मा भी मोर्चरी पहुंचे। मोर्चरी के बाहर पुलिस ने शव को निरीक्षण व फोटोग्राफी कराई।

इनका कहना है...

विवाहिता और उसकी ढाई साल की बेटी का शव कुएं में मिला था। परिजन शव कुएं से निकाल चुके थे। देर शाम को सूचना मिली तो पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है। पीहर पक्ष की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। मृत्यु के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में हो सकेगा।
दिनेश चौधरी, थानाप्रभारी गेगल

Published on:
04 Jul 2018 02:33 am