
अलीगढ़। फोरम फॉर मुस्लिम स्टडीज एण्ड एनालिसिस (एफ॰एम॰एस॰ए॰) ने केन्द्रीय मानव संसाधन मन्त्रालय द्वारा अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (अमुवि) को पूर्ण स्वायत्तता प्रदान करने का स्वागत किया है। अब अमुवि न केवल समय की आवश्यकता के अनुसार नए कोर्स लागू कर सकेगा, बल्कि वह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के चंगुल से मुक्त हो गया है।
समाज और देश की सेवा कर रहा अमुवि
फोरम फॉर मुस्लिम स्टैडीज एण्ड एनालिसिस के निदेशक डॉ. जसीम मोहम्मद का कहना है कि अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय एक राष्ट्रीय महत्व की ऐतिहासिक शैक्षिक संस्थान है, जो अपनी स्थापना के उपरान्त से अब तक लगातार समाज और देश की सेवा कर रहा है। मानव संसाधन विकास मन्त्रालय ने अमुवि को पूर्ण स्वायत्तता प्रदान करके मुस्लिम शिक्षा के लिए नए अवसर प्रदान किए हैं, जिसके लिए प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी और मानव संसाधन विकास मन्त्री प्रकाश जावेडकर का धन्यवाद अदा किया जाना चाहिए।
धन्यवाद के पात्र मोदी
मुस्लिम फोरम की मीडिया सेन्टर अलीगढ़ पर आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि अब अमुवि को एक नए दौर में प्रवेश कर रहा है। किसी भी देश अथवा समाज का विकास उच्च शिक्षा पर निर्भर करता है और प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने अमुवि को स्वायत्तता प्रदान करके क्रांतिकारी कादम उठाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने अपने कार्यकाल में सबका साथ सबका विकास नीति को जमीनी सतह पर लागू करने का प्रमाण दिया है। किसी भी विश्वविद्यालय के साथ भेदभाव नहीं किया है, जिसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं।
अब व्यावहारिक रूप से मौका मिला
प्रोफेसर रज़ाउल्ला खान ने कहा कि अमुवि पूर्णरूप से ही एक स्वायत्त शैक्षिक संस्थान है और इसीलिए अमुवि के कुलपति की चयन प्रक्रिया अन्य विश्वविद्यालयों से अलग है। परन्तु व्यावहारिक रूप से अब अमुवि प्रशासन को शिक्षा के प्रचार प्रसार के लिए पूरा मौका मिल गया है, जिसका उसे लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब पादर्शिता के साथ विश्वविद्यालय का संचालन किया जाना चाहिए और नए पाठ्यक्रम लागू किए जाने चाहिए।
शोधीय गुणवत्ता पर ध्यान जरूरी
सैयद सिब्तेन नक़वी ने कहा कि यूजीसी के हस्तक्षेप के परिणाम स्वरूप अमुवि कई महत्वपूर्ण कार्य नहीं कर पाता था। अब अमुवि एक स्वायत्तता संस्था है और उसके विकास मे कोई रुकावट नहीं है। अमुवि कोर्ट सदस्य प्रोफेसर हुमायूं मुराद ने कहा कि मानव संसाधन विकास मन्त्रालय द्वारा पूर्ण स्वायत्तता मिलने के बाद अमुवि की जिम्मेदारी है कि वह शैक्षिक तथा शोधीय गुणवत्ता पर ध्यान दें।
व्यावसायिक पाठ्यक्रम शुरू हों
समाजसेवी एन॰ जमाल अन्सारी ने कहा कि अमुवि को नई तकनीकी और व्यावसायिक पाठ्यक्रम लागू करने चाहिए ताकि हमारे छात्रों को विश्वस्तर पर रोज़गार के अवसर प्राप्त हों। बैठक के अन्त में मुस्लिम फोरम ने अमुवि को पूर्ण स्वायत्तता प्रदान के लिए प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी और मानव संसाधन विकास मन्त्री प्रकाश जावेडकर को धन्यवाद ज्ञापित किया तथा सर सैयद के सपनों को साकार करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।