-इगलास में स्थानीय मुद्दे सिर से गायब, राष्ट्रीय मुद्दों की बात हो रही -आवारा पशुओं की समस्या अपनी जगह, पर मोदी ने अच्छा काम किया
अलीगढ़। अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के कारण प्रसिद्ध ऐतिहासिक अलीगढ़ जिले की तहसील है इगलास। यह विधानसभा क्षेत्र भी है। 21 अक्टूबर, 2019 को इस सीट पर उपचुनाव हो रहा है। आमतौर पर विधासनभा चुनाव में स्थानीय मुद्दों की बात होती है। मसलन सड़क, बिजली, पानी, हैंडपम्प आदि की। इगलास में स्थिति उलट है। यहां कुछ अपने गांव की कम, देश की चिन्ता अधिक कर रहे हैं। आवारा गौवंश फसलों को चट कर रहे हैं, फिर भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुरीद हैं। जम्मू एवं कश्मीर से धारा 370 हटाना, तीन तलाक समाप्त करने के लिए कानून लाना जैसी बातें हो रही हैं। यही वोट का आधार है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सभा का असर भी है।
यह भी पढ़ें
स्थानीय मुद्दे गायब
इगलास उपचुनाव को भाजपा ने प्रतिष्ठा का साल बनाया हुआ है। स्थानीय मुद्दे यहां से गायब हैं। राष्ट्रीय मुद्दों की बात हो रही है। धारा 370 का मुद्दा छाया हुआ है। कमाल यह है कि आवारा गौवंश ने खेती नष्ट कर दी है, फिर भी किसान मोदी के गुण गा रहा है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और इगलास चुनाव संयोजक विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल का कहना है कि 75 फीसदी गौवंश गोशाला में भेजा जा चुका है। अलीगढ़ में धारा 370 हटाने को समर्थन मिल रहा है। इससे आने वाले चुनाल परिणाम का आकलन किया जा सकता है।
घंटरबाग महुआ से लाइव
पत्रिका टीम शनिवार की सुबह इगलास विधानसभा क्षेत्र की धरातलीय रिपोर्टिंग के लिए निकली। सासनी गेट से इगलास रोड पकड़ी। कुछ किलोमीटर चलने पर मिला घंटरबाग मरुआ। यहां तमाम लोग दुकानों पर बैठे हुए थे। जब उन्हें बताया कि हम पत्रिका उत्तर प्रदेश से हैं और आपको पत्रिका आगरा के फेसबुक पेज पर लाइव करेंगे तो सबको खुशी हुई। बात करने के लिए सहर्ष सहमति दी। घंटरबाग महुआ पर किसान ऋषिपाल सिंह, कपिल कुमार, रनजीत, अनुज, रजनीश कुमार आदि कहते हैं कि बेरोजगारी, आवारा गौवंश और फसलों की सही दाम न मिलना मुख्य मुद्दे हैं। आलू की खेती में बहुत नुकसान हुआ है। इसके बाद भी मोदी बहुत अच्छा काम कर रहे हैं।
हस्तपुर से लाइव
किसान देवेन्द्र का कहना है कि फसल कम हो रही है। आवारा पशु खेती को नुकसान पहुंचा रहे हैं। जिस पार्टी का बहुमत होगा, उसे वोट देंगे। किसान श्रीनिवास का कहना है कि आवारा पशु हैं अधिक। बाईपास पर पानी भरा हुआ है। कांग्रेस को वोट देंगे। किसान चौधरी दरवेश सिंह, दुकानदार सीताराम, किसान रूप किशोर का कहना है कि मोदी के नाम से वोट जा रहा है। समस्या तो मुख्य रूप से आवारा पशुओं की है। वैसे कोई प्रॉब्लम नहीं है। मोदी ने देश के लिए बहुत अच्छा काम किया है। किसान गब्बर सिंह का कहना है कि आवारा पशुओं से परेशान हैं। दुकानदार मनीष अग्रवाल का कहना है कि मोदी ने धारा 370 खत्म की है। सबका ध्यान मोदी पर है।
इगलास कस्बा से लाइव
दुकानदार मनीष अग्रवाल बताते हैं कि पहले आवारा पशुओं की विकट समस्या है। गाय बिजार कट जाते थे। गऊशाला में इतना साधन नहीं है। रालोद का प्रत्याशी होता तो प्रभाव पड़ता। रालोद प्रत्याशी न होने का लाभ भाजपा को मिल रहा है। ज्वाला सिंह निवासी अतरौली कलां, कहते हैं कि मुद्दा योगी का लग रहा है। इगलास का विकास चाहते हैं लेकिन करता कौन है। फसल नष्ट हो रही हैं। अब कुछ गांवों में आवारा पशुओं को पकड़ रहे हैं। मोदी और योगी को समर्थन करने की मजबूरी है। दीपक कुमार ने भी यही बात कही। प्रहलाद अग्रवाल का कहना है कि वे किराए के मकान में रहते हैं, पात्र हैं, फिर भी मकान नहीं मिला है। मोदी ने 2022 तक सबको मकान देने की बात कही है, तब भी मिला तो देखूंगा। उन्होंने भाजपा नेताओं को दलाल बताया। दुकानदार योगेश ने कहा कि व्यापारियों की समस्या है। शौचालय तक नहीं है। बस अड्डे में जाना पड़ता है। तीन बार बाजार टूट चुका है, लेकिन होता कुछ नहीं है। यहां अधिकांश लोगों ने बीजेपी का नाम लिया। कोई टक्कर पर नहीं है। कहा कि यह जाटबहुल क्षेत्र है। लोकदल का पर्चा कैंसिल करा दिया है। अब मजबूरी है। कुंज बिहारी ने कहा कि मोदी ने 370 हटाई है, उसका लाभ मिलेगा।
मोहकमपुर लाइव
मोहकमपुर में मुस्लिम रहते हैं। रफीक मोहम्मद आदि ने पीड़ा व्यक्त की कि भाजपा वाले वोट मांगने नहीं आते हैं, हम तो तैयार हैं।
नगला किशोर लाइव
खेत पर काम कर रही मजूदर श्यामवती समेत कई महिलाओँ ने कहा कि जहां घर वाले कहेंगे, वहीं वोट देंगे।