25 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रिंकू सिंह का योगी सरकार को शुक्रिया: आरएसओ पद पर नियुक्ति को बताया गर्व की बात

रिंकू सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी यानी आरएसओ के पद पर नियुक्त किए जाने को अपने और अपने परिवार के लिए बड़े सम्मान की बात बताया है। क्रिकेट के मैदान पर छक्कों की बरसात करने वाले रिंकू सिंह अब यूपी में खेल और खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने की […]

2 min read
Google source verification

रिंकू सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी यानी आरएसओ के पद पर नियुक्त किए जाने को अपने और अपने परिवार के लिए बड़े सम्मान की बात बताया है।

क्रिकेट के मैदान पर छक्कों की बरसात करने वाले रिंकू सिंह अब यूपी में खेल और खिलाड़ियों के भविष्य को संवारने की नई भूमिका में नजर आएंगे। आईपीएल की व्यस्तता के चलते वह व्यक्तिगत रूप से लखनऊ के कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए थे लेकिन उन्होंने साफ किया है कि वह जल्द ही मुख्यमंत्री से मिलकर अपना नियुक्ति पत्र लेंगे।

सम्मान राशि और नियुक्ति पर जताया आभार

रिंकू सिंह ने अपने वीडियो संदेश की शुरुआत बड़े ही विनम्र अंदाज में की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद करते हुए कहा कि राज्य सरकार ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें सम्मान राशि दी है जो उनके जैसे खिलाड़ी के लिए बहुत बड़ा प्रोत्साहन है। रिंकू ने आरएसओ पद पर अपनी नियुक्ति को लेकर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके लिए गर्व का विषय है कि उन्हें अपने प्रदेश की सेवा करने का मौका मिल रहा है।

मंगलवार को लखनऊ के लोकभवन में आयोजित भव्य सम्मान समारोह में रिंकू सिंह को शामिल होना था। हालांकि वर्तमान में आईपीएल के मुकाबले चल रहे हैं और अपनी टीम की प्रतिबद्धताओं के कारण वह लखनऊ नहीं पहुंच सके। रिंकू ने वीडियो के जरिए यह स्पष्ट किया कि खेल के मैदान से फ्री होते ही वह सीधे मुख्यमंत्री से मुलाकात करेंगे और विधिवत अपनी नई जिम्मेदारी को स्वीकार करेंगे।

बीते साल की वह बड़ी घोषणा

अगर इस पूरे घटनाक्रम के फ्लैशबैक में जाएं तो रिंकू सिंह की नियुक्ति का सफर काफी चर्चाओं में रहा है। पिछले साल यानी 2025 में जब उत्तर प्रदेश सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी देने का फैसला किया था तब रिंकू सिंह का नाम सबसे ऊपर था। उस समय घोषणा की गई थी कि रिंकू सिंह को बेसिक शिक्षा अधिकारी यानी बी एस ए के पद पर तैनाती दी जा सकती है।

जैसे ही बीएसए पद की चर्चा शुरू हुई सोशल मीडिया और खेल गलियारों में उनकी शैक्षिक योग्यता को लेकर भी कई तरह की बातें होने लगी थीं। हालांकि अब सरकार ने उन्हें खेल विभाग में ही क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है जो उनके क्रिकेट अनुभव और खेल के प्रति समर्पण को देखते हुए बेहद सटीक मानी जा रही है।

अलीगढ़ के एक बेहद साधारण परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी धाक जमाने वाले रिंकू सिंह की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। एक समय था जब रिंकू के पास संसाधनों का अभाव था लेकिन अपनी मेहनत के दम पर उन्होंने पहले आईपीएल और फिर टीम इंडिया के लिए नीली जर्सी पहनी।