अलीगढ़

भाजपा पार्षद ने कहा- हिंदुस्तान में रहना है तो वंदेमातरम् कहना है, बसपाई के जवाब से रह गए सन्न

निकाय चुनाव नतीजों के बाद अब शपथ ग्रहण में वंदे मातरम् गान को लेकर राजनीति शुरू हो गई है।
2 min read
• •
Updated: 7 Dec 2017, 4:46 PM IST
BSP-BJP
BSP-BJP

अलीगढ़। नगर निकाय चुनाव नतीजों के बाद शपक्ष ग्रहण समारोह को लेकर राजनीति शुरू हो गई है। अलीगढ़ में नवनिर्वाचित बसपा पार्षद ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर ऊर्दू में शपथ दिलाए जाने की मांग की है। वहीं बीजेपी पार्षद का कहना है कि उनको संस्कृत भाषा में शपथ दिलाई जाए। उन्होंने यह भी कहा है कि अगर हिन्दुस्तान में रहना है तो सभी को वन्दे मातरम् कहना पड़ेगा।

राष्ट्रीय गीत गाने से किया मना
शहर के नव नर्वाचित पार्षदों की शपथ ग्रहण करने को अलग अलग मांग नगर आयुक्त संतोष शर्मा के पास पहुंचने लगी है। पहले वार्ड नंबर 54 से जीते बसपा पार्षद मुशर्रफ हुसैन ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर मांग की है कि उनको हिंदी की जगह शपथ उर्दू में दिलाई जाए, क्योंकि उन्हें उर्दू के शायर के तौर पर जाना जाता है। वहीं शपथ के दौरान वंदे मातरम् के गान पर मुशर्रफ हुसैन ने कहा है कि संविधान में कहीं ऐसी बाध्यता नहीं है तो किसी कार्यक्रम से पहले राष्ट्रीय गीत जाए। उन्होंने न पहले इसे गाया है और न ही अब इसे गाएंगे।

संस्कृत भाषा में शपथ दिलाने की मांग
बसपा पार्षद मुशर्रफ हुसैन के इस पत्र के बाद वार्ड 26 से निर्वाचित बीजेपी पार्षद हेमंत गुप्ता ने भी नगर आयुक्त को पत्र लिखा है। उन्होंने मांग की है कि सभी को संस्कृत में शपथ दिलाई जाए। हेमंत का कहना है कि बसपा पार्षद मुशर्रफ ने उर्दू भाषा में शपथ लेने को बोला है, बीजेपी के लोग इसका विरोध करेंगे। अगर वो उर्दू में शपथ लेंगे तो हम सभी पार्षद संस्कृत में शपथ लेंगे। साथ ही अगर भारत माता की जय के नारे नहीं लगाए तो उनको मुहतोड़ जवाब देंगे। इतना ही नहीं भाजपा पार्षद ने यह भी कहा कि अगर हिन्दुस्तान में रहना है तो वन्दे मातरम् कहना पड़ेगा।

'शपथ ग्रहण की व्यवस्था कराएंगे'
इस मामले पर नवनिर्वाचित मेयर मोहम्मद फुरकान का कहना है कि अभी शपथ लेनी है। कोई भी अपनी राय दे सकता है किसी को क्या है। हिंदी में शपथ ले या उर्दू और अंग्रेजी में ले। उन्होंने कहा कि राष्ट्रगीत सब जगह गाया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा भाजपा के मेयरों को बुलाने पर फुरकान ने कहा कि सभी को बुलाना चाहिए था। उनके लिए सभी बराबर हैं। नगर आयुक्त का कहना है कि पार्षदों का पत्र मिला है। शपथ ग्रहण की व्यवस्था कराएंगे।

Published on: