अलीगढ़

अलीगढ़ में बनेंगे रक्षा उपकरणों के पुर्जे, जल्द शुरू होगा जमीन अधिग्रहण का काम

टप्पल और औद्योगिक क्षेत्र में लगाई जाएगी डिफेंस उपकरणों के पार्ट्स बनाने की यूनिट। जमीन अधिग्रहण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजने की तैयारी शुरू।
2 min read
• •
Updated: 4 Aug 2018, 1:49 PM IST
Pakistan come in Pechora range
Pakistan come in Pechora range

अलीगढ़। अलीगढ़वासियों के लिए एक खुशखबरी है। दरअसल डिफेंस कॉरिडोर बनाने के लिए चुने गए जिलों में शामिल अलीगढ़ में अब डिफेंस आइटम के पुर्जे बनाए जाएंगे। इसके लिए तालानगरी में टप्पल के अलावा जिले के औद्योगिक क्षेत्र को चिन्हित किया गया है। अलीगढ़ के उद्योग जगत के लिए इसे संजीवनी माना जा रहा है। प्रशासन ने औद्योगिक क्षेत्र में इसकी शुरुआत के लिए यूपीएसआईडीसी से खाली जमीन मांगी है। वहीं टप्पल में जिस जमीन को चिन्हित किया गया है, उसके बदले किसानों को सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा देने के लिए सरकार को प्रस्ताव भेजा जा रहा है।

यूपीडा करेगा टप्पल में जमीन का अधिग्रहण
टप्पल में 650 एकड़ भूमि को चिन्हित किया गया है। इसके अधिग्रहण की जिम्मेदारी यूपीडा यानी उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास निगम को दी गई है। फिलहाल यूपीडा ने पत्र भेजकर जमीन अधिग्रहण का काम शुरू करने की प्रशासन से अनुमति मांगी है। डिफेंस कॉरिडोर को लेकर आगामी 11 अगस्त को मीटिंग होने वाली है जिसे काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अनुपूरक बजट से दी जाएगी राशि
बताया जा रहा है कि प्रोजेक्ट के लिए शासन अनुपूरक बजट से अधिग्रहण की राशि प्रदान करेगा। इस बारे में जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह का कहना है कि अलीगढ़ में खाली भूमि पर डिफेंस पार्ट्स बनाने के लिए यूनिट लगाए जाने की बात चल रही है। यूपीएसआईडीसी इसके लिए औद्योगिक क्षेत्र में खाली जमीन प्रदान करेगा। वहीं टप्पल में जमीन के अधिग्रहण की अनुमति और किसानों को उसके बदले दिए जाने वाले मुआवजे के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। जमीन अधिग्रहण के बदले किसानों को नियमानुसार सर्किल रेट का चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। फिलहाल सर्किल के दामों का आकलन किया जा रहा है।

Updated on:
4 Aug 2018, 1:49 PM IST
Published on: