अलीगढ़

पद्मावती के बाद फिल्म गेम आॅफ अयोध्या का विरोध, निर्माता के हाथ काटने वाले को एक लाख रुपए देने की घोषणा

अयोध्या में राम जन्म भूमि के मुद्दे पर बनी है फिल्म, हिंदूवादी संगठनों का कहना, फिल्म में दिखाए हैं गलत तथ्य।

2 min read
Nov 30, 2017
Game of Ayodhya

अलीगढ़। फिल्म पद्मावती के बाद अब अयोध्या में राम जन्म भूमि पर बनी फिल्म द गेम आॅफ अयोध्या के रिलीज होने से पहले विरोध शुरू हो गया है। हाल ही फिल्म का ट्रेलर जारी किया गया है। इसके पोस्टर का अनावरण राज्य सभा सांसद अमर सिंह ने किया। इस कड़ी में एक हिन्दूवादी संगठन ने न सिर्फ फिल्म को बैन करने के लिए जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया है, बल्कि फिल्म निर्माता के हाथ काटने वाले को एक लाख रुपए का इनाम देने की घोषणा भी की है। फिलहाल ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के नेता अमित गोस्वामी का है। इस वीडियो में वे कह रहे हैं कि ये फिल्म पूरी तरह से फर्जी पब्लिसिटी पाने के लिए बनाई गई है। इस फिल्म में दिखाया गया है कि मंदिर में भगवान राम की मूर्ति हिंदुओं ने धोखे से स्थापित की थी। साथ ही भगवान राम के चरित्र को लेकर अभद्र टिप्पणी की गई है।

इसके आगे अमित गोस्वामी ने कहा कि मैं ये एलान करता हूं कि जो भी इस फिल्म को बनाने वाले के दोनों हाथ काटकर लाएगा, उसे मैं एक लाख रुपए का इनाम दूंगा क्योंकि भारत का संविधान या कानून किसी को भी ये इजाजत नहीं देता कि किसी धर्म विशेष की भावनाओं को आहत किया जाए। इसी के साथ उन्होंने शासन और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज होती है तो सिनेमाघरों में होने वाले जानमाल के नुकसान की जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

आपको बता दें कि द गेम आफ अयोध्या फिल्म 8 दिसम्बर को रिलीज हो रही है। इसके निर्माता लोक दल पार्टी के सुनील सिंह है। वे पहले एम एमएलसी भी रह चुके हैं। इस फिल्म के विरोध में हिन्दू युवा वाहिनी के लोग भी उतर आये हैं। युवा वाहिनी ने गृह मंत्री को संबोधित ज्ञापन में फिल्म पर बैन लगाने की मांग की है।

Updated on:
30 Nov 2017 12:21 pm
Published on:
30 Nov 2017 12:18 pm
Also Read
View All