
उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह (X Photo Ravindra Rana)
Sandeep Singh Engagement: उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री संदीप सिंह की सगाई का समारोह आज अलीगढ़ में आयोजित किया जाएगा। वह मेघना चौधरी के साथ सगाई करेंगे। इसी दिन उनके छोटे भाई सौरभ सिंह की भी अंतरा त्यागी के साथ रिंग सेरेमनी होगी। परिवार में एक साथ दो मांगलिक कार्यक्रम होने के चलते समारोह को बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है। इसके लिए करीब 100 बीघा मैदान में तैयारियां की गई हैं। समारोह में 80 हजार मेहमानों के पहुंचने की उम्मीद है। मेहमानों के लिए 60 तरह के व्यंजन तैयार किए जा रहे हैं। सुरक्षा के लिए करीब 700 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।
सगाई समारोह से पहले शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और उनकी होने वाली दुल्हन मेघना चौधरी की पहली तस्वीर सामने आई है। तस्वीर में संदीप सिंह काले रंग का कुर्ता पहने नजर आ रहे हैं, जबकि मेघना ने गहरे भूरे रंग का सूट पहना है। उनके हाथ में गुलाब के फूलों से बनी माला दिखाई दे रही है। मेघना का परिवार शुक्रवार शाम अलीगढ़ पहुंचा। दोनों परिवारों के मेहमानों के ठहरने की व्यवस्था मैरिस रोड स्थित लेमन ट्री होटल में की गई है। संदीप सिंह ने परिवार के साथ मेघना का स्वागत किया।
इस समारोह में छर्रा और अतरौली क्षेत्र समेत जिले के 500 से अधिक गांवों के लोगों को निमंत्रण भेजा गया है। मंत्री की ओर से करीब 80 हजार मेहमानों को बुलाया गया है। आयोजन स्थल पर अतिथियों के बैठने, भोजन करने और आने-जाने के लिए अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं। मेहमानों के लिए कद्दू-पूड़ी समेत 60 तरह के व्यंजन तैयार कराए जा रहे हैं। आयोजन स्थल पर भोजन की व्यवस्था के लिए बड़ा किचन बनाया गया है। इसके अलावा पार्किंग के लिए 657 कारों की जगह निर्धारित की गई है।
रामघाट कल्याण मार्ग स्थित करीब 100 बीघा मैदान में समारोह की तैयारियां की गई हैं। उपलब्ध लेआउट के मुताबिक, आयोजन स्थल की चौड़ाई करीब 881 फीट और लंबाई 1033 फीट है। यहां मेहमानों के बैठने, भोजन और ठहरने के लिए अलग-अलग हिस्से बनाए गए हैं। वीआईपी कॉटेज के लिए 123×50 फीट का क्षेत्र तय किया गया है। वहीं, 80×60 फीट का किचन तैयार किया गया है। ड्राइवरों के लिए 100×80 फीट का टेंट बनाया गया है। इसके अलावा कर्मचारियों के ठहरने, ग्रीन रूम, मेडिकल रूम, वॉशरूम और कंट्रोल एरिया की भी व्यवस्था की गई है।
समारोह स्थल को सजाने के लिए विदेशों से मंगाए गए फूलों का इस्तेमाल किया जा रहा है। सजावट में थाईलैंड के ऑर्किड, नीदरलैंड के ट्यूलिप और लिली समेत कई तरह के फूल लगाए जा रहे हैं। मंच के आसपास बैरिकेडिंग की गई है और प्रवेश तथा बाहर निकलने के लिए अलग-अलग रास्ते बनाए गए हैं। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं के शामिल होने का कार्यक्रम है।
समारोह में वीआईपी और बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 700 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इसके अलावा एक दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारियों को दूसरे जिलों से बुलाया गया है।
डीएम अविनाश कुमार और एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने शुक्रवार को पुलिस, प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी निर्देश दिए। सभी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी सुबह आठ बजे से शुरू होगी। अधिकारियों को सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए गए हैं। सेफ हाउस और सेफ हॉस्पिटल में भी जरूरी इंतजाम करने को कहा गया है।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
Updated on:
14 Nov 2026, 12:08 PM IST
Published on:
14 Nov 2026, 11:51 AM IST
बड़ी खबरें
View Allअलीगढ़
उत्तर प्रदेश




