अलीगढ़

दहेजलोभियों ने बहू का गला दबाकर की हत्या, सबूत मिटाने के लिए शव फूंका

मृतका के परिवारीजनों का आरोप अतिरिक्त दहेज की मांग न पूरी होने के कारण की हत्या।
2 min read
Dec 28, 2017
murder
murder

अलीगढ़। जिले के थाना इगलास इलाके के गांव बैरामगढ़ी में ससुराल वालों ने महिला की हत्या कर सबूत मिटाने के उद्देश्य उसके शव को जला दिया। मृतका के परिवारीजनों का आरोप है कि ये सब अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न किए जाने के कारण हुआ है। फिलहाल मृतका के परिजनों ने घटना के दो दिन बाद तहरीर देकर ससुरालीजनों के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। ससुराल पक्ष के लोग फरार हैं।

ये है पूरा मामला
मृतका के भाई पवन कुमार ने बताया कि उसकी बहन रीना देवी की शादी 28 अप्रैल 2012 को इगलास कोतवाली क्षेत्र के गांव बैरामगढ़ी निवासी मुकेश के साथ की गई थी। उसकी बहन का एक बेटा प्रियांशु व बेटी अनुष्का है। आरोप है कि रीना की शादी के कुछ समय बाद से ही लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसके ससुरालीजन उसे प्रताड़ित करते थे। इस संबंध में समाज के लोगों ने कई बार उनका समझौता भी कराया, लेकिन शायद ससुरालीजनों को वह समझौता रास नहीं आया। पवन का कहना है कि विगत 24 दिसंबर को उसके जीजा ने शराब पीकर पहले उसे पीटा फिर ससुरालीजनों ने बहन का गला दबाकर हत्या कर दी फिर सबूत मिटाने के लिए शव को जला दिया। घटना को अंजाम देने के बाद मृतका के मायके पक्ष को सूचित किया गया । मृतका के परिजन जब ससुराल पहुंचे तो ससुरालीजन वहां से फरार थे। फिलहाल पीड़ित पक्ष ने रीना के पति मुकेश व अन्य ससुरालीजन संजय, सर्वेश, राकेश, सतीश, चचिया ससुर बच्चू सिंह, सास शारदा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है । वहीं घटना के संबंध में एसपी देहात यशवीर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है ।

Published on:
28 Dec 2017 10:47 am