नगर आयुक्त ने नौरंगाबाद में बन रहे नाले का किया निरीक्षण।
अलीगढ़। अब नौरंगाबाद को जल भराव से निज़ात मिलेगी। नगर निगम जनसुविधा के लिए यहां नालों का निर्माण करा रहा है। नगर आयुक्त ने नाला निर्माण का निरीक्षण किया है। आने वाले दिनों में रावणटीला व सुरेन्द्रनगर में हाईप्रेशर जलापूर्ति भी होगी।
ये होंगे काम
शहर को विकास के पथ पर अग्रसर करने एवं शहरवासियों को ज्यादा से ज्यादा सुविधायें उपलब्ध कराने के लिये प्रयासरत नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने नौरंगाबाद व उसके आस-पास के क्षेत्र में होने वाले जल भराव खत्म करने व रावणटीला, सुरेन्द्रनगर क्षेत्र में हाई प्रेशर पेयजल आपूर्ति के लिये दो महत्वपूर्ण जनहित निर्णय अब साकार होते नज़र आ रहे है। नौरंगाबाद क्षेत्र में जल भराव की समस्या के समाधान हेतु नगर निगम द्वारा उत्तर प्रदेश जल निगम निर्माण खंड़ के सहयोग से लगभग एक करोड़ 91 लाख की धनराशि से नाला निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है, तो वही सुरेन्द्र नगर, रावणटीला पुरानी पानी की टंकी को ध्वस्त करने का कार्य भी तीव्र गति से किया जा रहा है।
किया निरीक्षण
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने तपती धूप में नौरंगाबाद नाले निर्माण कार्य को देखा और अधीनस्थों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नाले का निर्माण अपनी निर्धारित अवधि जुलाई से पूर्व पूर्ण कर लिया जाए, ताकि वर्षा ऋतु में इस क्षेत्र में जल भराव की समस्या पूर्ण रूप से समाप्त हो जाए। नौरंगाबाद नाला निर्माण निरीक्षण करते हुए नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने अधिशासी अभियन्ता जल निगम विनिश कुमार को निर्देश दिए कि नाला निर्माण की गुणवत्ता और सफाई के पूर्ण मानकों का ध्यान निर्माण कार्य में रखा जाए। नगर आयुक्त ने बताया इस नाले के निर्माण से निश्चित रूप से नौरंगाबाद व आस-पास के क्षेत्रों में जल भराव की समस्या का निदान होगा उन्होनें बताया कि 28 मार्च से इस नाले के निर्माण का कार्य प्रारम्भ किया गया है जो तीव्र गति से चल रहा है और अपनी तय समय सीमा में पूर्ण हो जाएगा।
टंकी होगी ध्वस्त
नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने सुरेन्द्र नगर,रावणटीला पुरानी पेयजल टंकी का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय इस टंकी को ध्वस्त करने का कार्य भी प्रगति पर मिला। टंकी के ऊपरी भाग को ध्वस्त कर दिया गया था। मौके पर नगर आयुक्त ने इस टंकी को पूर्ण सुरक्षा के साथ ध्वस्त करने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा ने कहा कि इस टंकी के ध्वस्त होने के पश्चात् जल निगम द्वारा नई पानी की टंकी के निर्माण हो जाने से सुरेन्द्र नगर व रावणटीला क्षेत्रवासियों को हाई प्रेशर पेयजल आपूर्ति आगामी दिनों में प्राप्त हो सकेगी। निरीक्षण के समय नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा के साथ मुख्य अभियन्ता कैलाश सिंह, अधिशासी अभियन्ता जल निगम विनिश कुमार, सहायक अभियन्ता आरएस वर्मा, अवर अभियन्ता तरूण कुमार, अहसन रब आदि साथ थे।