अलीगढ़

भारत को महिलाओं के लिए सबसे खतरनाक देश बताने वाली रिपोर्ट एक साजिश: मुस्लिम फोरम

मुस्लिम फोरम के निदेशक ने कहा कि भारतीय महिलायों के पास कई देशों की तुलना में अधिक अधिकार हैं।
2 min read
• •
Updated: 29 Jun 2018, 7:11 PM IST
Feature image

अलीगढ़। फोरम फॉर मुस्लिम स्टडीज एण्ड एनालिसिस (एफएमएसए) ने थॉमसन रॉयटर्स रिपोर्ट पर तीर्व प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा है कि भारत में महिलाओं को उन देशों से अधिक अधिकार प्राप्त हैं, जिन्हें भारत के ऊपर रिपोर्ट में दर्जा दिया गया है। बता दें कि थॉमसन रिपोर्ट में भारत को उन देशों की सूची मे टॉप पर रखा गया है, जो महिलाओं के लिए खतरनाक हैं।

ये बोले निदेशक
फोरम फॉर मुस्लिम स्टडीज एण्ड एनालिसिस के निदेशक डॉ. जसीम मोहम्मद ने कहा कि थॉमसन रिपोर्ट ने भारत को महिलाओं के लिए सर्वधा खतरनाक देश घोषित किया है, परन्तु यह सत्य नहीं है। उन्होंने कहा कि भारतीय मीडिया ने थॉमसन रिर्पोट को इस प्रकार दर्शाया है, जैसे प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी के कार्यकाल में महिलाओं की दशा खराब हो गई हो और उन्हें खतरा हो। इसमें कोई शक नहीं है कि थॉमसन रिपोर्ट ने भारत को महिलाओं के लिए खतरनाक घोषित किया है और अफगानिस्तान, सीरिया, सोमालिया और सऊदी अरब से भी खतरनाक घोषित किया है परन्तु यह भ्रामक है। डॉ. जसीम मोहम्मद ने कहा कि थॉमसन रोटर्स ने केवल 550 लोगों का ऑन लाईन सर्वे किया, जिसमें केवल 548 ने अपना मत दिया। उन्होंने कहा कि भारत की आबादी 1.3 अरब है और इतने छोटे सर्वे से कैसे भारत में महिलाओं की स्थिति का सही आंकलन किया जा सकता है?


महिलाओं की हालत बेहतर
डॉ. जसीम मोहम्मद ने कहा कि भारत में महिलाओं को उन देशों से अधिक अधिकार प्राप्त हैं जिन्हें भारत से बेहतर दर्जा दिया गया है। हालांकि भारतीय महिलायें अधिक जाग्रत हैं परन्तु टीआरएफआर ने भारत को उन देशों की तुलना मे अधिक खतरनाक घोषित किया है, जहां महिलाओं को अभिव्यक्त की स्वतन्त्रता भी प्राप्त नहीं है। यह भारत के साथ अन्याय है। डॉ. जसीम मोहम्मद ने कहा कि रिपोर्ट के अनुसार भारत में 2012 और 2016 के बीच 40 प्रतिशत जुर्म अधिक बढ़ गए। यह ध्यान रखा जाना चाहिए कि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने सत्ता 2014 मे संभाली अर्थात उनके दो वर्षों के कार्यकाल को थॉमसन ने अपने संज्ञान में लिया। इस बीच प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने बलात्कार के कानून को संख्त किया तथा तीन तलाक को अवैध घोषित किया। परन्तु कुछ राजनीतिज्ञ, दल और मीडिया का एक वर्ग स्वंय प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी को थॉमसन रिपोर्ट में भारत की स्थिति पर टारगेट कर रहा है, जोकि एक साजिश है।

Published on: