
अलीगढ़। जिले में दिन दहाड़े लूट का मामला सामने आया है। बदमाशों ने दिन दहाड़े रोड होल्डअप कर रोडवेज बस में सवार सराफाकर्मियों से करीब 41 लाख की ज्वैलरी लूट ली। करीब आधा दर्जन बदमाशों ने मुंह पर अंगोछा बांध कर घटना को अंजाम दिया और फरार हो गये। रोडवेज बस को रोककर बदमाश ज्वैलर्स के दो कर्मियों को खींच कर बाहर निकाल लाये, और तमंचे की बट मार कर घायल कर दिया और लाखों की ज्वैलरी लूट ले गए। घटना थाना इग्लास के कालाआम चौकी के पास की है।
ज्वैलर्स कारोबारी सदानंद अग्रवाल के कर्मी रवि और राजू मथुरा से सोने के बने जेवरात से भरा बैग लेकर अलीगढ़ आ रहे थे। अलीगढ़ में करीब 6 दुकानदारों को सोने से बने आभूषण देने थे, लेकिन रोडवेज बस के इगलास पहुंचते ही बदमाशों ने बस को रोक लिया और बस के अंदर से रवि और राजू को खींचकर बाहर निकाल लाएं। विरोध करने पर बदमाशों ने राजू के सिर पर बट मारकर घायल कर दिया। बैग में करीब एक किलो 656 ग्राम के सोने से बने जेवरात थे जिनकी कीमत करीब 41 लाख रुपए बताई गई है। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। एसपी ग्रामीण घटनास्थल पहुंचे और पीड़ित सराफाकर्मियों से जानकारी ली।
दरअसल मथुरा निवासी ज्वैलर्स सदानंद अग्रवाल की होली चौक चौराहे पर वैद्य जी ज्वैलर्स के नाम से आभूषणों की दुकान है। नके यहां आभूषण बनाए जाते हैं और निर्मित आभूषणों को कर्मचारियों द्वारा आसपास के जिलों में सप्लाई किया जाता है। इसी ज्वैलरी को लेकर सदानंद अग्रवाल के कर्मी रवि और राजू अलीगढ़ आ रहे थे। दोनों कर्मचारी रोडवेज बस से अलीगढ़ की ओर आ रहे थे। जैसे ही बस मथुरा और अलीगढ रोड पर इगलास में काला आम चौकी के पास पहुंची, तभी बाइक सवार छह बदमाशों ने हथियारों के बल पर बस को रुकवा लिया।
बस रुकते ही बदमाश अंदर घुस गए और दोनों कर्मियों पर तमंचा तान दिया। उनके साथ मारपीट करते हुए बस से उतार लिया और बैग में रखे लाखों रुपए की ज्वैलरी लूटकर बाइक से फरार हो गए। पुलिस ज्वैलर्स के दोनों कर्मियों से घटना के बारे में जानकारी ले रही है। सराफा कारोबारी के अनुसार करीब एक किलो 656 ग्राम सोने के आभूषण लूटे गए हैं, जिनकी कीमत 41 लाख रुपये है। घटना की जानकारी पाकर मालिक सदानन्द अग्रवाल भी आ गए। उन्होंने थाने में तहरीर दे दी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।