अलीगढ़ में खाकी पर दाग! सिपाही ने रेप पीड़िता से केस लिखने के बदले न्यूड फोटो मांगे। होटल में मिलने का दबाव बनाया। शिकायत के बाद आरोपी को एसपी ने सस्पेंड कर दिया है।
अलीगढ़ में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। एक सिपाही पर आरोप है कि उसने रेप पीड़िता से केस दर्ज करने के बदले अश्लील मांगें कीं और होटल में मिलने का दबाव बनाया। पीड़िता की शिकायत के बाद एसएसपी ने आरोपी को सस्पेंड कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
अलीगढ़ के क्वार्सी थाना क्षेत्र से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां एक सिपाही पर रेप पीड़िता का शोषण करने का आरोप लगा है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी पुलिसकर्मी ने केस दर्ज करने और आरोपी को जेल भेजने के बदले उससे आपत्तिजनक मांगें कीं। पीड़िता, जो जमालपुर इलाके की रहने वाली है। उसने बताया कि जीशान नाम के युवक ने उससे शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाए। और बाद में मुकर गया। इसके बाद उसने मुख्यमंत्री पोर्टल और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच पटवारी नगला चौकी पर तैनात सिपाही इमरान खान को दी गई।
पीड़िता के मुताबिक, जांच के नाम पर सिपाही ने उसे चौकी बुलाया और फिर घर जाकर व्हाट्सएप कॉल करने को कहा। जब उसने कॉल किया तो सिपाही ने उससे अश्लील बातें करनी शुरू कर दीं। विरोध करने पर उसने धमकी दी कि अगर वह उसकी बात नहीं मानेगी तो केस में कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
आरोप है कि अगले दिन सिपाही ने फोन कर कहा कि दोनों एक ही धर्म के हैं। इसलिए वह उसकी मदद करेगा। लेकिन इसके बदले उसे अपने न्यूड फोटो भेजने होंगे। इतना ही नहीं, उसने होटल में मिलने का दबाव भी बनाया और कहा कि तभी केस दर्ज होगा। आरोपी को जेल भेजा जाएगा। पीड़िता ने उसकी इन बातों को रिकॉर्ड कर लिया और बुधवार को नीरज कुमार जादौन से शिकायत की। इसके बाद गुरुवार को पुलिस ने आरोपी सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे सस्पेंड कर दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है। जो भी तथ्य सामने आएंगे। उनके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, आरोपी सिपाही ने खुद पर लगे आरोपों को गलत बताया है। और कहा है कि उसने केवल जांच के तहत पूछताछ की थी।