अलीगढ़

दोस्त की बेज्जती का बदला लेने के लिए की गई विकास की हत्या

शुक्रवार को विकास को घर से बुलाकर कुछ लड़कों ने सड़क पर उसे गोलियों से छलनी कर हत्या कर दी थी।
2 min read
• •
Updated: 16 Jul 2018, 2:12 PM IST
police
police

अलीगढ़। जिले में पुलिस ने विकास हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार देर शाम को थाना बन्ना देवी के पत्थर बाजार में विकास उर्फ विक्की की सरेआम सड़क पर गोलियों से छलनी कर दिया गया था जिसमें विक्की की मौत हो गई और आरोपी फरार हो गए थे। हत्यारों में एक नाम शिवम का आ रहा था, पुलिस ने इस मामले में शिवम और उसके दोस्त अजय को सासनी गेट इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ करने पर खुलासा हुआ कि शुभम नाम के दोस्त की बेइज्जती का बदला लेने के लिए विकास के घर के सामने भीड़ भरे बाजार में ताबड़तोड़ गोली चला कर उसकी हत्या कर दी गई थी।

पोस्टमार्टम में विकास के शरीर से शरीर से सात गोलियां निकाली गईं। पुलिस के अनुसार पूछताछ करने पर आरोपी शिवम व अजय ने बताया कि मृतक विकास उर्फ विक्की ने हमारे दोस्त शुभम पण्डित के साथ मारपीट कर उसकी बेइज्जती की थी। इसी बात का बदला लेने के लिए हम दोनों तथा हमारे दोस्त शुभम पण्डित, कान्हा पण्डित, सुशान्त व एक अन्य ने विकास उर्फ विक्की की तलाश की और उसके मिलते ही पहले शुभम ने अपनी रिवॉल्वर से विकास में 5-6 गोली मारीं, जिससे वह जमीन पर गिर गया लेकिन मरा नहीं था। फिर हम दोनों ने व कान्हा ने भी अपने-अपने तमंचे से गोली चलाई। उसके मरने का यकीन होते ही हम अपनी मोटर साइकिल लेकर भाग गये।

पूछताछ में शिवम व अजय ने हत्या की घटना को स्वीकार किया और दोनों आरोपियों की निशादेही पर घटना में प्रयुक्त दो तमंचा व कारतूस बरामद किये गये हैं। वहीं मुख्य आरोपी शुभम फरार है। एसपी सिटी ने बताया कि घटना गंभीर है। शुभम और विकास के बीच कहासुनी हुई थी जो बाद में मारपीट में बदल गई। विकास ने शुभम की पिटाई भी की थी। शुभम की गिरफ्तारी के बाद और भी तथ्य प्रकाश में आ सकते हैं। एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गये आरोपियों के खिलाफ गैगंस्टर की कार्रवाई की जा रही है।

Published on: